
नयी दिल्ली. चीन के दुनिया के दूसरे नंबर के खिलाड़ी शी युकी और चीनी ताइपे की दुनिया की तीसरे नंबर की खिलाड़ी ताइ जू यिंग ने रविवार को यहां फाइनल में सीधे गेम में जीत के साथ इंडिया ओपन सुपर 750 बैडमिंट टूर्नामेंट का क्रमश: पुरुष और महिला एकल का खिताब जीता. वर्ष 2018 के चैंपियन युकी ने कड़े फाइनल में हांगकांग के दुनिया के 18वें नंबर के खिलाड़ी ली च्युक यीयू को 54 मिनट में 23-21, 21-17 से हराकर दूसरी बार इंडिया ओपन जीता.
ताइ जू को हालांकि चीन की ओलंपिक चैंपियन और दुनिया की दूसरे नंबर की खिलाड़ी चेन यू फेई को सीधे गेम में हराने के दौरान अधिक पसीना नहीं बहाना पड़ा. तोक्यो ओलंपिक की रजत पदक विजेता और चौथी वरीय ताइ जू ने दूसरी वरीय यू फेई को 41 मिनट में 21-16, 21-12 से हराकर खिताब अपने नाम किया.
टूर्नामेंट में ताइ जू यिंग के दबदबे का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि उन्होंने पूरे टूर्नामेंट के दौरान एक भी गेम नहीं गंवाया. यू फेई ने भी फाइनल से पहले कोई गेम नहीं गंवाया था लेकिन चीनी ताइपे की खिलाड़ी के आगे वह बेबस नजर आईं. ली च्युक के खिलाफ युकी ने शुरुआत से ही दबदबा बनाया. उन्होंने अपनी लंबाई का फायदा उठाते हुए दमदार शॉट लगाए जिन्हें वापस भेजने में हांगकांग के खिलाड़ी को काफी परेशानी हुई. युकी ने 6-1 की बढ.त बनाने में अधिक समय नहीं लिया.
ली च्युक ने आक्रामक होने के प्रयास में कुछ शॉट नेट पर मारे जबकि युकी के क्रॉस कौर्ट स्मैश के सामने भी उन्हें दिक्कतों का सामना करना पड़ा. चीन का खिलाड़ी ब्रेक तक 11-6 से आगे रहा. ली च्युक हालांकि धीरे-धीरे लय में आ गए. उन्होंने युकी की सहज गलतियों से कुछ अच्छे अंक जुटाए और स्कोर 13-14 करने में सफल रहे. ली च्युक ने दमदार क्रॉस कोर्ट स्मैश के साथ स्कोर 15-15 किया. युकी ने लगातार तीन अंक बनाए लेकिन फिर दो शॉट बाहर मारकर ली च्युक को स्कोर 17-18 करने का मौका दिया.
युकी ने 19-18 के स्कोर पर स्मैश के साथ दो गेम प्वाइंट हासिल किए. चीन के खिलाड़ी ने इसके बाद लगातार दो शॉट नेट पर मारे जिससे स्कोर 20-20 हो गया. युकी ने 21-21 के स्कोर पर क्रॉस कोर्ट स्मैश के साथ चौथा गेम प्वाइंट हासिल किया और फिर एक और शानदार स्मैश के साथ पहला गेम 26 मिनट में 23-21 से जीता.
ली च्युक ने दूसरे गेम में बेहतर शुरुआत करते हुए 4-1 की बढ.त बनाई लेकिन युकी ने लगातार छह अंक के साथ स्कोर 7-4 कर दिया. चीन के खिलाड़ी ने ब्रेक तक 11-6 की बढ.त बनाई. ली च्युक ने लगातार गलतियां की जिसका फायदा उठाकर युकी ने स्कोर 14-6 किया. ताइपे के खिलाड़ी ने इसके बाद जोरदार वापसी करते हुए लगातार 10 अंक के साथ 16-14 की बढ.त बना ली. ली च्युक ने फिर लगातार दो शॉट बाहर मारे जबकि युकी ने स्मैश से अंक जुटाकर 19-16 की बढ.त बनाई. ली च्युक ने इसके बाद लगातार दो शॉट नेट पर मारकर खिताब युकी की झोली में डाल दिया.
इससे पहले ताइ जू ने यू फेई के खिलाफ अधिकतर समय दबदबा बनाए रखा. उनके स्मैश और ड्रॉप शॉट का चीन की खिलाड़ी के पास कोई जवाब नहीं था. साथ ही ताइ जू चीन की खिलाड़ी को कोर्ट में पीछे की ओर खिलाने में सफल रही जिससे उन्हें कुछ आसान अंक जुटाने का मौका मिला. यू फेई ने साथ ही काफी सहज गलतियां की. उन्होंने काफी शॉट बाहर और नेट पर मारे. यू फेई ने हालांकि मैच में अच्छी शुरुआत की थी. ताइ जू ने लगातार तीन शॉट नेट पर और तीन शॉट बाहर मारकर यू फेई को लगातार सात अंक के साथ 7-1 की बढ.त बनाने का मौका दिया.
ताइ जू ने भी जोरदार वापसी करते हुए लगातार छह अंक के साथ स्कोर 7-7 कर दिया. चीनी ताइपे की खिलाड़ी ने इस बीच कुछ अच्छे स्मैश लगाए और उनके ड्रॉप शॉट भी दर्शनीय रहे. ताइ जू ब्रेक तक 11-9 की बढ.त बनाने में सफल रही. यू फेई को ताइ जू के ड्रॉप शॉट पर काफी परेशानी हो रही थी और उन्होंने कुछ शॉट बाहर और नेट पर भी मारे जिससे चीनी ताइपे की खिलाड़ी ने अपनी बढ.त को 15-10 तक पहुंचाया. यू फेई ने 13-19 के स्कोर पर कोर्ट के बाहर शॉट मारकर ताइ जू को सात गेम प्वाइंट दिए. चीन की खिलाड़ी ने तीन अंक बचाए लेकिन ताइ जू ने नेट पर अंक जुटाकर पहला गेम 19 मिनट में 21-16 से जीत लिया.
ताइ जू दूसरे गेम में भी हावी नजर आई और उन्होंने अच्छी शुरुआत करते हुए 5-1 की बढ.त बनाई. यू फेई ने लगातार गलतियां की. उन्होंने कई शॉट बाहर मारकर ताइ जू को आसान अंक जुटाने का मौका दिया जिससे चीनी ताइपे की खिलाड़ी ने अपनी बढ.त को 8-2 किया. ताइ जू ने नेट पर शानदार अंक के साथ ब्रेक तक 11-5 की बढ.त बनाई. यू फेई को शटल को नियंत्रित करने में लगातार परेशानी हो रही थी और उनके शॉट लगातार बाहर गिरते रहे. यू फेई ने लगातार तीन शॉट बाहर मारे जिससे ताइ जू ने 14-6 की बढ.त बनाई.
ताइ जू 20-11 ने स्कोर पर नौ चैंपियनशिप प्वाइंट हासिल किए और फिर क्रॉस कोर्ट ड्रॉप शॉट के साथ खिताब जीत लिया.
महिला युगल खिताब मायु मात्सुमोतो और वकाना नागाहारा की जापान की जोड़ी ने जीता. जापान की जोड़ी ने विश्व चैंपियनशिप की कांस्य पदक विजेता झेंग शु शियान और झेंग यु की चीन की छठी वरीय जोड़ी को एकतरफा फाइनल में 21-12, 21-13 से हराया.
मिश्रित युगल फाइनल में देचापोल पुआवरनउक्रोह और सापसिरी तेइरातानचाई की थाईलैंड की दुनिया की सातवें नंबर की जोड़ी ने जियान झेंग बेंग और वेई या शिन की चीन की दुनिया की पांचवें नंबर की जोड़ी को सीधे गेम में 46 मिनट में 21-16, 21-18 से हराकर खिताब अपने नाम किया.



