शिंदे ने प्रधानमंत्री मोदी की उपलब्धियों की तुलना हिमालय से की, ‘गिरगिट’ तंज से उद्धव पर निशाना साधा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 25 Apr 2024 07:11 PM
शिंदे ने प्रधानमंत्री मोदी की उपलब्धियों की तुलना हिमालय से की, ‘गिरगिट’ तंज से उद्धव पर निशाना साधा
ऑडियो सुनें

छत्रपति संभाजीनगर. महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने पिछले 10 साल की प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की उपलब्धियों की तुलना हिमालय से करते हुए बृहस्पतिवार को कहा कि कांग्रेस द्वारा किया गया कार्य एक ‘टीले’ के समान है. छत्रपति संभाजीनगर में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए शिंदे ने उद्धव ठाकरे पर भी निशाना साधा और कहा कि उन्होंने इतनी तेजी से रंग बदलने वाला ‘गिरगिट’ कभी नहीं देखा था. इसके बाद उन्होंने कहा कि नासिक लोकसभा सीट परंपरागत रूप से उनकी पार्टी शिवसेना की है और ठाणे सीट को लेकर ‘महायुति’ सहयोगियों के बीच बातचीत जारी है. सत्तारूढ. महायुति में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), शिवसेना और अजीत पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) शामिल हैं.

महायुति ने अभी तक नासिक सीट के लिए अपने उम्मीदवार की घोषणा नहीं की है. पिछले हफ्ते वरिष्ठ राकांपा नेता और महाराष्ट्र के मंत्री छगन भुजबल ने कहा था कि उन्होंने इस पर गतिरोध खत्म करने के लिए नासिक से टिकट नहीं मांगने का फैसला किया है.
उन्होंने कहा कि यह लोकसभा चुनाव प्रगति, विकास और नरेन्द्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने के बारे में है.

शिंदे शिवसेना के प्रत्याशी संदीपन भुमरे के लिए चुनाव प्रचार कर रहे थे जो उनकी सरकार में कैबिनेट मंत्री भी हैं. औरंगाबाद लोकसभा सीट (छत्रपति संभाजीनगर) से नामांकन पत्र दाखिल करने वाले भुमरे का मुकाबला ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना (यूबीटी) के चंद्रकांत खैरे और ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के मौजूदा सांसद इम्तियाज जलील से होगा.

मुख्यमंत्री ने कहा, ”प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा पिछले 10 वर्षों में किए गए काम की तुलना हिमालय की ऊंचाई से की जा सकती है, जबकि कांग्रेस द्वारा किया गया काम एक ‘टीले’ जैसा है.” शिंदे ने दावा किया कि यहां तक ??कि सो रहा एक व्यक्ति भी कांग्रेस नेता राहुल गांधी की तुलना में मोदी को पसंद करेगा क्योंकि देश को एक ऐसा प्रधानमंत्री मिला है जिसने पिछले 10 वर्षों में एक दिन की भी छुट्टी नहीं ली है. लोगों से मोदी को वोट देने की अपील करने वाले ठाकरे के पुराने भाषण की एक ‘ऑडियो क्लिप’ चलाते हुए शिंदे ने कहा कि उन्होंने इतनी तेजी से रंग बदलने वाला ‘गिरगिट’ कभी नहीं देखा.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu