निशानेबाज योगेश सिंह ने एशियाई क्वालीफायर में दो स्वर्ण जीते, लक्ष्य को कुवैत में कांस्य

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 15 Jan 2024 07:27 PM
निशानेबाज योगेश सिंह ने एशियाई क्वालीफायर में दो स्वर्ण जीते, लक्ष्य को कुवैत में कांस्य
ऑडियो सुनें

जकार्ता. भारतीय निशानेबाजों का एशियाई ओलंपिक क्वालीफायर में शानदार प्रदर्शन जारी है और योगेश सिंह ने पुरूषों की 25 मीटर सेंटर फायर पिस्टल स्पर्धा में सोमवार को व्यक्तिगत और टीम वर्ग में स्वर्ण पदक जीते. योगेश ने 573 के स्कोर के साथ व्यक्तिगत स्वर्ण जीता . ओमान के मुराद अल बालुशी (570) दूसरे और इंडोनेशिया के अनंग यूलियांतो (567) तीसरे स्थान पर रहे .

भारत के पंकज यादव (567) और अक्षय जैन (564) क्रमश: चौथे और छठे स्थान पर रहे. भारतीय तिकड़ी ने 1704 अंक के साथ स्वर्ण पदक जीता. कुवैत में शॉटगन क्वालीफायर में लक्ष्य ने छह निशानेबाजों के फाइनल में 33 निशाने लगाकर कांस्य पदक जीता. वह क्वालीफिकेशन दौर के बाद 119 अंक के साथ चौथे स्थान पर थे.

ईरान के मोहम्मद बेरानवांद ने 40 अंक के साथ स्वर्ण पदक जीता. उन्होंने शूट ऑफ में चीन के युहाओ गुओ को पछाड़ा. महिला शॉटगन क्वालीफायर में राष्ट्रमंडल खेलों की स्वर्ण पदक विजेता श्रेयसी सिंह को महिलाओं के ट्रैप वर्ग में पांचवें स्थान से संतोष करना पड़ा. वह पांच दौर में 115 अंक लेकर फाइनल में पहुंची थी लेकिन फाइनल में 19 अंक ही बना सकी.

ताइपै की वान यू लियू (44) को स्वर्ण और चीन की शिंकियू झांग (39) को रजत पदक मिला . कजाखस्तान की मारिया दमित्रियेंको (30) ने कांस्य पदक हासिल किया. भारत की श्रेयसी, मनीषा कीर और भव्या त्रिपाठी ने टीम वर्ग में कुल 328 स्कोर करके रजत पदक जीता . चीन को स्वर्ण और कजाखस्तान को कांस्य मिला.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu