श्रेयस अय्यर के शामिल होने से बड़ा प्रभाव पड़ेगा: बिश्नोई

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 30 Nov 2023 10:46 PM
ऑडियो सुनें

रायपुर. भारत के युवा लेग स्पिनर रवि बिश्नोई ने शुक्रवार को कहा कि श्रेयस अय्यर टी20 बल्लेबाज के रूप में अपनी विशेष छाप छोड़ चुके हैं और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पांच मैचों की श्रृंखला के अंतिम दो मैच में उनकी वापसी से बड़ा प्रभाव पड़ेगा. अय्यर श्रृंखला के पहले तीन मैच में नहीं खेले थे. उन्होंने हाल में समाप्त हुए वनडे विश्व कप में 11 मैच में 530 रन बनाए थे.

बिश्नोई ने मैच की पूर्व संध्या पर संवाददाताओं से कहा,”अय्यर की वापसी से बल्लेबाजी में बड़ा प्रभाव पड़ेगा. उन्होंने टी20 क्रिकेट में अपनी विशेष छाप छोड़ी है और विश्व कप में उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया था. सीनियर खिलाड़ी होने के कारण उनके अनुभव का भी हमें फायदा मिलेगा.” बिश्नोई ने सूर्यकुमार यादव की कप्तानी की भी प्रशंसा की और कहा कि वह गेंदबाजों को पूरी स्वतंत्रता देते हैं.

उन्होंने कहा,”एक कप्तान के रूप में सूर्य भाई आपको पूरी स्वतंत्रता देते हैं. वह आपको अपने अनुसार क्षेत्ररक्षण सजाने और गेंद की लेंथ तय करने की पूरी छूट देते हैं. उन्होंने पिछले दो-तीन मैच में शानदार कप्तानी की है.” भारत के कई सीनियर खिलाड़ियों को इस श्रृंखला से विश्राम दिया गया है तथा बिश्नोई ने कहा कि युवा खिलाड़ियों के पास यह मौके का फायदा उठाने और अपनी छाप छोड़ने का अच्छा मौका है. उन्होंने कहा,”यह दोनों टीम के युवा खिलाड़ियों के लिए शानदार मौका है. ऐसे मौके बहुत कम मिलते हैं जबकि सीनियर खिलाड़ियों को विश्राम दिया जाता है. हमारे पास श्रृंखला जीतने का यह बहुत अच्छा अवसर है.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu