भारत लौटने पर शुभांशु शुक्ला का जोरदार स्वागत, प्रधानमंत्री मोदी से करेंगे मुलाकात

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 17 Aug 2025 08:32 PM
भारत लौटने पर शुभांशु शुक्ला का जोरदार स्वागत, प्रधानमंत्री मोदी से करेंगे मुलाकात

ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला का अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (आईएसएस) की अपनी ऐतिहासिक यात्रा के बाद रविवार तड़के भारत लौटने पर जोरदार स्वागत किया गया. यहां हवाई अड्डे पर बड़ी संख्या में लोगों ने तिरंगा लहराते हुए और ढोल बजाते हुए शुक्ला का भव्य स्वागत किया. शुक्ला का हवाई अड्डे पर केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और इसरो के अध्यक्ष वी. नारायणन ने स्वागत किया.

शुक्ला ने सिंह द्वारा हवाई अड्डे पर स्वागत करने के बाद पोस्ट किए गए एक संदेश के जवाब में ‘एक्स’ पर लिखा, ”धन्यवाद महोदय. घर वापस आकर निश्चित रूप से अच्छा लग रहा है.” शुक्ला की पत्नी कामना और बेटा कियाश भी अंतरिक्ष उड़ान के लिए अमेरिका में  लगभग एक वर्ष तक प्रशिक्षण लेने के बाद उनके घर लौटने पर स्वागत करने के लिए हवाई अड्डे पर मौजूद थे. ढोल-नगाड़ों की गूंज के साथ शुक्ला का स्वागत करने के लिए इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर तिरंगा लहराते हुए भारी भीड़ जमा हुई थी.

सरकार ने शुक्ला की भारत वापसी के उपलक्ष्य में सोमवार को लोकसभा में ‘अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर भारत के पहले अंतरिक्ष यात्री – 2047 तक विकसित भारत के लिए अंतरिक्ष कार्यक्रम की महत्वपूर्ण भूमिका’ विषय पर विशेष चर्चा का प्रस्ताव रखा है. शुभांशु शुक्ला 25 जून 2025 को एक्सिओम-4 मिशन के तहत अंतरिक्ष में गए थे. वह अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (आईएसएस) पर 18 दिन रहे और 15 जुलाई को वापस लौटे.

तीन अन्य अंतरिक्ष यात्रियों – पैगी व्हिटसन (अमेरिका), स्लावोज उज़्नान्स्की-विस्नीवस्की (पोलैंड) और टिबोर कापू (हंगरी) के साथ शुक्ला ने 18 दिवसीय मिशन के दौरान कई प्रयोग किए. शुक्ला के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मिलने और उसके बाद अपने गृहनगर लखनऊ जाने की उम्मीद है. उम्मीद है कि वह 22-23 अगस्त को राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस समारोह में भाग लेने के लिए राजधानी लौटेंगे.

सिंह ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ”भारत का अंतरिक्ष गौरव भारतीय धरती को छू रहा है… मां भारती के प्रतिष्ठित सपूत, गगनयात्री शुभांशु शुक्ला आज तड़के दिल्ली पहुंचे. उनके साथ ग्रुप कैप्टन प्रशांत बालकृष्णन नायर भी हैं, जो भारत के पहले मानव मिशन गगनयान के लिए चुने गए अंतरिक्ष यात्रियों में से एक हैं और आईएसएस के मिशन के लिए भारत के नामित अंतरिक्ष यात्री थे.” शुक्ला और उनके न जा पाने की स्थिति में (यात्रा के लिये) प्रशांत नायर ‘आरक्षित’ अंतरिक्ष यात्री थे.

इससे पहले शनिवार को, शुक्ला ने इंस्टाग्राम पर एक हवाई जहाज में बैठे हुए अपनी एक मुस्कुराती हुई तस्वीर पोस्ट की और साथ में लिखा कि अमेरिका छोड़ते समय वह मिश्रित भावनाओं से भरे हुए थे और अपने अनुभव सभी के साथ साझा करने के लिए भारत लौटने को लेकर उत्सुक हैं.

शुक्ला ने पोस्ट किया, ”भारत वापसी के लिए विमान में बैठते ही मेरे दिल में कई तरह की भावनाएं उमड़ रही हैं. मुझे उन शानदार लोगों को पीछे छोड़कर जाने का दुख है जो इस मिशन के दौरान पिछले एक साल से मेरे दोस्त और परिवार थे. मैं मिशन के बाद पहली बार अपने सभी दोस्तों, परिवार और देश के सभी लोगों से मिलने को लेकर भी उत्साहित हूं. मुझे लगता है जिदगी यही है.” प्रधानमंत्री मोदी ने 79वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर लाल किले की प्राचीर से देशवासियों को संबोधित करते हुए कहा था कि भारत अपना खुद का अंतरिक्ष स्टेशन विकसित करने पर भी काम कर रहा है और कहा कि ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला हाल में एक अंतरिक्ष मिशन से लौटे हैं.
उन्होंने कहा, ”ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला अंतरिक्ष स्टेशन से वापस आ गए हैं… आने वाले दिनों में वह भारत लौटेंगे.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu