सिंधू, श्रीकांत और प्रणय ऑस्ट्रेलिया ओपन के दूसरे दौर में, मंजूनाथ ने उलटफेर किया

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 02 Aug 2023 09:04 PM
सिंधू, श्रीकांत और प्रणय ऑस्ट्रेलिया ओपन के दूसरे दौर में, मंजूनाथ ने उलटफेर किया
ऑडियो सुनें

सिडनी. स्टार खिलाड़ी पीवी सिंधू और किदांबी श्रीकांत सीधे गेम में जीत के साथ बुधवार को यहां ऑस्ट्रेलिया ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट के दूसरे दौर में जगह बनाने में सफल रहेs जबकि मिथुन मंजूनाथ ने चौथे वरीय और दुनिया के सातवें नंबर के खिलाड़ी सिंगापुर के कीन यीउ लोह को हराकर उलटफेर किया.

दुनिया के 50वें नंबर के खिलाड़ी मंजूनाथ ने पुरुष एकल के पहले दौर के 41 मिनट चले मुकाबले में लोह को 21-19 21-19 से हराया.
मंजूनाथ इस बीडब्ल्यूएफ सुपर 500 टूर्नामेंट के अगले दौर में मलेशिया के दो खिलाड़ियों ली जी जिया और लियोंग जुन हाओ के बीच होने वो मैच के विजेता से भिड़ेंगे. इस बीच लक्ष्य सेन चोट के कारण हमवतन किरण जॉर्ज के खिलाफ पुरुष एकल मैच के बीच से हट गए. लक्ष्य ने जब मैच से हटने का फैसला किया तब वह पहले गेम में 0-5 से पीछे थे.

मौजूदा सत्र में टूर पर सात प्रतियोगिताओं के पहले दौर में शिकस्त झेलने वाली पांचवी वरीय सिंधू ने महिला एकल के पहले दौर में हमवतन अष्मिता चालिहा को 36 मिनट में 21-18 21-13 से हराया. पुरुष एकल के पहले दौर के अन्य मुकाबलों में दुनिया के 19वें नंबर के खिलाड़ी श्रीकांत ने जापान के केंता निशिमोतो को 21-18 21-7 से हराया जबकि एचएच प्रणय कड़े मुकाबले में हांगकांग के च्युक यीयु ली 21-18 16-21 21-15 से शिकस्त दी.

उभरते हुए खिलाड़ी प्रियांशु राजावत ने भी ऑस्ट्रेलिया के नाथन टैंग को 21-12 21-16 से हराया. महिला एकल में आकर्षी कश्यप ने मलेशिया की जिन वेई गोह को 21-15 21-17 से हराया लेकिन मालविका बंसोड़ को चीनी ताइपे की यू पो पेई के खिलाफ 20-22 11-21 से शिकस्त झेलनी पड़ी. दूसरे दौर के बार टूर्नामेंट के महिला एकल में सिर्फ एक भारतीय खिलाड़ी बचेगी क्योंकि अगले दौर में सिंधू और आकर्षी आमने सामने होंगी.

मिश्रित युगल में रोहन कपूर और सिक्की रेड्डी को पहले दौर में दुनिया की पांचवें नंबर की सियुंग जेई सियो और यू जुंग चेई की कोरिया की जोड़ी के खिलाफ 14-21 18-21 से हार का सामना करना पड़ा. पुरुष एकल के दूसरे दौर में प्रणय की भिड़ंत चीनी ताइपे के यू जेन ची से होगी जबकि राजावत और श्रीकांत भी ताइपे के प्रतिद्वंद्वियों क्रमश: जू वेई वैंग और ली येंग सू से भिड़ेंगे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu