सिंधू मैच से हटीं, सात्विक-चिराग की हार के साथ फ्रेंच ओपन में भारतीय चुनौती समाप्त

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 26 Oct 2023 10:48 PM
सिंधू मैच से हटीं, सात्विक-चिराग की हार के साथ फ्रेंच ओपन में भारतीय चुनौती समाप्त
ऑडियो सुनें

रेनेस. दो बार की ओलंपिक पदक विजेता बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधू महिला एकल जबकि सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी पुरुष युगल से बाहर हो गए जिससे गुरुवार को यहां फ्रेंच ओपन के दूसरे दौर में भारतीय चुनौती समाप्त हो गई. सिंधू को थाईलैंड की सुपानिदा केटथोंग के खिलाफ पहला गेम जीतने के बावजूद घुटने की चोट के कारण इस बीडब्ल्यूएफ विश्व टूर सुपर 750 टूर्नामेंट के दूसरे दौर के मुकाबले के बीच से हटना पड़ा.

सिंधू ने पहला गेम 21-18 से जीता. दूसरे गेम में जब स्कोर 1-1 था तब भारतीय खिलाड़ी को बाएं घुटने में परेशानी हुई. केटथोंग के शॉट को लौटाने के दौरान सिंधू को बाएं घुटने में यह चोट लगी. सिंधू ने चोट पर मैजिक स्प्रे लगाया और टूर्नामेंट के डॉक्टर की मदद ली.

सिंधू ने इसके बाद दो बार अपने कोच हाफिज हाशिम से सलाह ली और इसके लिए उन्हें पीला कार्ड भी दिखाया गया. भारतीय खिलाड़ी ने हालांकि इसके बाद केटथोंग के खिलाफ मुकाबले से हटने का फैसला किया जिन्होंने क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई. सिंधू ने इससे पूर्व पहले दौर में इंडोनेशिया की ग्रेगोरिया मारिस्का तुनजुंग को 12-21 21-18 21-15 से हराया था. सात्विक और चिराग की तीसरी वरीय जोड़ी को भी इसके बाद पुरुष युगल के प्री क्वार्टर फाइनल में मोहम्मद अहसान और हेंद्रा सेतियावान की इंडोनेशिया की जोड़ी के खिलाफ कड़े मुकाबले में 23-25 21-19 19-21 से शिकस्त झेलनी पड़ी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu