इंफाल. मणिपुर के नोनी जिले में एक रेलवे निर्माण स्थल पर हुए भीषण भूस्खलन में कम से कम छह लोगों की मौत हो गई और कई अन्य लोग लापता हो गए हैं. अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी. अधिकारियों के मुताबिक, यह घटना बुधवार रात टुपुल यार्ड रेलवे निर्माण शिविर में हुई. उन्होंने बताया कि छह लोगों के शवों को निकाल लिया गया है और कई लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है. बचाव अभियान जारी है.
भूस्खलन के कारण बड़े पैमाने पर मलबे ने इजेई नदी को अवरुद्ध कर दिया है, जिससे एक जलाशय बन गया है, जो निचले इलाकों को जलमग्न कर सकता है. नोनी जिले के उपायुक्त द्वारा जारी एक परामर्श में कहा गया है, ‘‘टुपुल यार्ड रेलवे निर्माण शिविर में भूस्खलन के कारण हुए दुर्भाग्यपूर्ण हादसे में दो लोगों की मौत हो गयी है और कई लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है. भूस्खलन के कारण बड़े पैमाने पर मलबे ने इजेई नदी को अवरुद्ध कर दिया है, जिसके परिणामस्वरूप एक जलाशय बन गया है, जो नोनी जिला मुख्यालय के निचले इलाकों को जलमग्न कर सकता है.’’ प्रशासन ने इन इलाकों में रहने वाले लोगों को एहतियात बरतने की सलाह दी है. कई स्थानों पर सड़कों के अवरुद्ध होने के कारण लोगों को राष्ट्रीय राजमार्ग-37 की यात्रा नहीं करने की सलाह दी है.
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने इस घटना को लेकर मणिपुर के मुख्यमंत्री एन बीरेन ंिसह और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से बात की है. अमित शाह ने कहा कि राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की एक टीम भूस्खलन वाली जगह पर पहुंच गई है, जबकि दो और टीम जल्द ही पहुंच जाएंगी.
केंद्रीय गृह मंत्री ने ट्वीट किया, ‘‘मणिपुर में टुपुल रेलवे स्टेशन के पास हुए भूस्खलन के मद्देनजर मुख्यमंत्री एन बीरेन ंिसह और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से बात की. बचाव कार्य जोरों पर है. एनडीआरएफ की एक टीम पहले ही मौके पर पहुंच गई है और बचाव कार्य में जुट गई है. एनडीआरएफ की दो और टीम जल्द ही टुपुल पहुंच जाएंगी.’’ मुख्यमंत्री एन बीरेन ंिसह ने स्थिति का जायजा लेने के लिए एक आपात बैठक बुलाई है.
एन बीरेन ंिसह ने ट्वीट किया, ‘‘ टुपुल में हुई भूस्खलन की घटना का आकलन करने के लिए आज एक आपातकालीन बैठक बुलाई गई. खोज और बचाव अभियान पहले से ही चल रहा है. मृतकों और लापता लोगों के लिए प्रार्थना करें. बचाव अभियान में सहायता के लिए डॉक्टरों के साथ एम्बुलेंस भी भेजी गई हैं.’’ मणिपुर के राज्यपाल एल गणेशन ने इस घटना पर दुख व्यक्त किया है.