तेलंगाना में पुलिस के साथ गोलीबारी में छह माओवादी ढेर, दो कमांडो घायल

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 05 Sep 2024 07:11 PM
तेलंगाना में पुलिस के साथ गोलीबारी में छह माओवादी ढेर, दो कमांडो घायल

ऑडियो सुनें

हैदराबाद. भद्राद्री कोठागुडेम जिले में बृहस्पतिवार को पुलिस और प्रतिबंधित भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) के सदस्यों के बीच गोलीबारी में माओवादी संगठन की दो महिला कैडर समेत छह माओवादियों को मार गिराया गया. पुलिस ने यह जानकारी दी. उन्होंने कहा कि दोनों तरफ से हुई गोलीबारी में तेलंगाना पुलिस की नक्सल रोधी शाखा ‘ग्रेहाउंड्स’ के दो कमांडो भी घायल हो गए और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने पीटीआई-भाषा को बताया कि घटना जिले के करकागुडेम थाना के अंतर्गत एक वन क्षेत्र में हुई.
उन्होंने बताया कि ऐसी सूचना मिली थी कि माओवादियों की टीम पड़ोसी छत्तीसगढ़ से तेलंगाना आ रही है जिसके बाद विशेष पुलिस दस्ते ने इलाके में छानबीन शुरू की, तभी यह घटना हुई.

पुलिस ने बताया कि मौके से दो महिला कैडर समेत छह माओवादियों के शव बरामद किए गए हैं और उनकी पहचान सुनिश्चित की जा रही है. उन्होंने शुरुआती जांच के आधार पर बताया कि मृतकों में माओवादियों का एक वरिष्ठ कैडर भी शामिल है. पुलिस ने घटनास्थल से दो एके47 राइफल, एसएलआर समेत छह हथियार और अन्य सामग्री बरामद की है. मामले में जांच जारी है.

By Yogesh Kumar Sahu