गोवा में अवैध रूप से बार चलाने का आरोप, स्मृति ईरानी ने कांग्रेस नेताओं को भेजा कानूनी नोटिस

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 24 Jul 2022 07:28 PM
गोवा में अवैध रूप से बार चलाने का आरोप, स्मृति ईरानी ने कांग्रेस नेताओं को भेजा कानूनी नोटिस
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली/पणजी. केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने रविवार को कांग्रेस नेताओं-जयराम रमेश और पवन खेड़ा को कानूनी नोटिस भेजकर कहा कि वे उन पर तथा उनकी बेटी पर लगाए गए ‘‘निराधार और झूठे’’ आरोपों के लिए माफी मांगें. ईरानी ने यह कदम कांग्रेस नेताओं द्वारा आरोप लगाए जाने के एक दिन बाद उठाया है. रमेश और खेड़ा ने ईरानी की 18 वर्षीय बेटी जोइश ईरानी पर गोवा में अवैध रूप से बार चलाने का आरोप लगाया था. उन्होंने मंत्री पर निशाना साधते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से उन्हें मंत्रिमंडल से बर्खास्त करने की मांग भी की थी.

कानूनी नोटिस में कहा गया है कि अगर कांग्रेस नेता बिना शर्त और स्पष्ट रूप से माफी नहीं मांगते हैं तथा अपने आरोप वापस नहीं लेते हैं, तो ईरानी उनके खिलाफ दीवानी और आपराधिक कार्यवाही शुरू करेंगी. ईरानी द्वारा भेजे गए नोटिस में कहा गया है कि कांग्रेस नेताओं ने मंत्री की युवा बेटी पर हमला किया, जो विश्वविद्यालय में प्रथम वर्ष की छात्रा हैं. नोटिस में कहा गया है कि जोइश ईरानी ने कभी भी कोई बार या कोई व्यावसायिक उद्यम “चलाने” के लिए किसी लाइसेंस के वास्ते आवेदन नहीं किया है. इसमें कहा गया है कि उन्हें गोवा में आबकारी विभाग ने कोई कारण बताओ नोटिस नहीं भेजा है जैसा कि कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया है.

बयान में कहा गया है, “ये आरोप न केवल हमारी मुवक्किल और उनकी बेटी की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाते हैं, बल्कि उनकी गरिमा को भंग करने का भी प्रयास हैं.” कांग्रेस ने शनिवार को ईरानी की बर्खास्तगी की मांग करते हुए उनकी बेटी पर गोवा में एक अवैध बार चलाने का आरोप लगाया था. वहीं, ईरानी ने पलटवार करते हुए कहा था कि नेशनल हेराल्ड मामले में उनके मुखर रुख के कारण उनकी बेटी पर गांधी परिवार के इशारे पर “दुर्भावनापूर्ण” आरोप लगाया गया है. युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रविवार को गोवा में उस रेस्तरां के बाहर प्रदर्शन किया, जिसके बारे में कांग्रेस का दावा है कि यह स्मृति ईरानी की बेटी का है.

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ईरानी की बेटी के कथित रेस्त्रां के बाहर किया प्रदर्शन

युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने रविवार को गोवा के उस रेस्त्रां के बाहर प्रदर्शन किया, जिसके बारे में कांग्रेस का दावा है कि यह केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी की पुत्री का है. कांग्रेस ने केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी की पुत्री पर गोवा में “अवैध बार” चलाने का आरोप लगाते हुए शनिवार को कहा था कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपने मंत्रिमंडल से ईरानी को बर्खास्त करना चाहिए.

स्मृति ईरानी ने कांग्रेस के इस आरोप को दुर्भावनापूर्ण करार दिया था और उसपर पलटवार करते हुए दावा किया था कि नेशनल हेराल्ड मामले में सोनिया और राहुल गांधी की ‘‘5,000 करोड़ रुपये की लूट’’ पर उनके मुखर रुख के कारण उनकी बेटी को निशाना बनाया गया है. युवा कांग्रेस की गोवा इकाई के अध्यक्ष वराड मारदोलकर तथा प्रदेश इकाई के प्रवक्ता अमरनाथ पणजीकर ने रविवार को आसगांव में ‘सुली सोल्स गोवा’ रेस्त्रां के बाहर प्रदर्शन की अगुवाई की और इस रेस्त्रां को बंद करने की मांग की.

गोवा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अमित पाटकर ने दावा किया था कि स्मृति ईरानी की पुत्री के बार के लाइसेंस के नवीनीकरण का आवेदन एक ऐसे व्यक्ति के नाम पर किया गया, जिसकी मौत हो चुकी है. प्रदर्शनकारियों ने कहा कि ईरानी भावनात्मक राग अलापकर अपनी जिम्मेदारी से भाग नहीं सकतीं और उन्हें आरोपों का जवाब देना होगा.

पणजीकर ने कहा कि ईरानी भावनात्मक बयान देकर और दूसरों को जिम्मेदार ठहराकर इसे छिपा नहीं सकतीं. उन्होंने आरोप लगाया कि ईरानी अपने ही परिवार के सदस्यों द्वारा किए गैरकानूनी काम के लिए कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी को जिम्मेदार ठहरा रही हैं. कांग्रेस नेता ने मांग की कि रेस्त्रां तथा इस अवैध काम में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाए.

Join Our WhatsApp Channel G Prefer Navabharat News on Google

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu