महासमुंद: माता-पिता और दादी की हत्या के आरोप में पुत्र गिरफ्तार

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 18 May 2023 07:44 PM
महासमुंद: माता-पिता और दादी की हत्या के आरोप में पुत्र गिरफ्तार
ऑडियो सुनें

महासमुंद. छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में माता-पिता और दादी की हत्या कर शव को जलाने के आरोप में पुलिस ने पुत्र को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले के सिंघोड़ा थाना क्षेत्र के अंतर्गत पुटका गांव निवासी प्रभात भोई (53), उनकी पत्नी झरना भोई (47) और प्रभात की मां सुलोचना भोई (75) की हत्या के आरोप पुलिस ने प्रभात के पुत्र उदित भोई (24) को गिरफ्तार कर लिया है. प्रभात भोई करीब के पैकिन गांव के माध्यमिक विद्यालय में शिक्षक थे.

उन्होंने बताया कि ?उदित नशे का आदि है और पैसों की मांग को लेकर अक्सर अपने माता-पिता से झगड़ा करता था. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस महीने की 12 तारीख को उदित ने पुलिस में रिपोर्ट लिखाई थी कि आठ तारीख को उसके माता-पिता और दादी इलाज के लिए रायपुर जाने के नाम से घर से निकले और वापस नहीं लौटे. उन्होंने बताया कि उदित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया तथा मामले की जांच शुरू की.

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इसी बीच जब उदित का भाई अमित कुमार भोई, जो रायपुर के मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस का छात्र है, अपने गांव पहुंचा तब उसके चाचा पंचानन भोई ने बताया कि उसके माता-पिता और दादी लापता हैं. इसके बाद अमित, चाचा के साथ अपने घर के पीछे गया तो देखा कि कुछ जलाया गया है. जब उसने राख हटाकर देखा तब उसमें कुछ मानव हड्डी के टुकड़े मिले.

उन्होंने कहा कि अमित ने यह सब देखा तब उसे अनहोनी की आशंका हुई और उसने इसकी सूचना पुलिस को दी. सूचना मिलने के बाद पुलिस दल गांव पहुंचा और राख तथा हड्डी को जब्त कर मामले की जांच शुरू की. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पुलिस को जांच के दौरान जानकारी मिली कि उदित अपने माता-पिता और दादी के साथ गांव में रहता था और उसका छोटा भाई अमित रायपुर के मेडिकल कॉलेज में पढ़ता है.

उन्होंने बताया कि पुलिस ने जब उदित को हिरासत में लेकर पूछताछ की तब उसने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन जब उससे कड़ाई से पूछताछ की गई तब उसने तीनों की हत्या करना स्वीकार कर लिया. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटना के दिन उदित का अपने पिता से पैसों को लेकर विवाद हुआ था. उन्होंने बताया कि सात और आठ तारीख की रात में जब उसके माता-पिता और दादी सो रहे थे, तब उसने हॉकी स्टिक से उनकी हत्या कर दी.

उन्होंने बताया कि घटना के दो दिनों बाद उदित ने तीनों शवों को लकड़ी और सेनेटाइजर की मदद से जला दिया और घर की सफाई कर दी. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पिता को जीवित बताने के लिए वह पिता के फोन-पे से खरीदारी कर रहा था, लेकिन वह पकड़ा गया.

Join Our WhatsApp Channel G Prefer Navabharat News on Google

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu