नॉर्किया के चार विकेट से दक्षिण अफ्रीका ने श्रीलंका को 77 रन पर समेटा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 03 Jun 2024 10:29 PM
नॉर्किया के चार विकेट से दक्षिण अफ्रीका ने श्रीलंका को 77 रन पर समेटा
ऑडियो सुनें

न्यूयॉर्क. तेज गेंदबाज एनरिच नॉर्किया ने कैरियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए सात रन देकर चार विकेट लिये जिसकी मदद से दक्षिण अफ्रीका ने टी20 विश्व कप के अपने पहले मैच में रविवार को श्रीलंका को 77 रन पर समेट दिया. भारत को इस मैदान पर ग्रुप ए के चार में से तीन लीग मैच खेलने हैं . श्रीलंका का टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला पूरी तरह से गलत साबित हुआ और वह टी20 क्रिकेट में अपने न्यूनतम स्कोर पर आउट हो गई. नुवान तुषारा के रन आउट के साथ ही श्रीलंकाई पारी 19 . 1 ओवर में खत्म हो गई.

नॉर्किया ने चौतरफा तेज आक्रमण की अगुवाई करते हुए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया . इससे पहले उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन दस रन देकर चार विकेट था. कैगिसो रबाडा ने 21 रन देकर दो विकेट लिये जबकि स्पिनर केशव महाराज ने 22 रन देकर दो विकेट चटकाये .
नासाउ काउंटी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम की ड्रॉप इन पिच श्रीलंकाई बल्लेबाजों के लिये बुरे सपने की तरह रही जो धीमी आउटफील्ड पर जूझते नजर आये.

दूसरी ओर दक्षिण अफ्रीका के गेंदबाजों के लिये यह विकेट अनुकूल थी . अपनी पहली ही गेंद पर ओटनील बार्टमैन ने विकेट लेकर पाथुम निसांका (3) को पवेलियन भेजा. नॉर्किया ने अपने पहले ओवर में कुसल मेंडिस को आउट किया . आठ ओवर के भीतर श्रीलंका का स्कोर दो विकेट पर 31 रन था. महाराज ने लगातार दो गेंदों पर विकेट लेकर श्रीलंका के कप्तान वानिंदु हसरंगा और सदीरा समरविक्रमा को आउट किया. एंजेलो मैथ्यूज ने 16 गेंद में 16 रन बनाये जो नॉर्किया का शिकार हुए.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu