सपा प्रमुख अखिलेश कट्टरपंथियों और जिहादियों के वोट के मोह में अंधे हो गए हैं: भाजपा

नयी दिल्ली/लखनऊ. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने वार्षिक अयोध्या दीपोत्सव कार्यक्रम के दौरान दीये जलाने संबंधी टिप्प्णी के लिए समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि वह ‘कट्टरपंथियों और जिहादियों’ के वोट के मोह में इतने अंधे हो गए हैं कि उन्होंने खुद के समुदाय के खिलाफ बोलना शुरू कर दिया है. सत्तारूढ. दल ने उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री पर मिट्टी के दीये बनाने वाले प्रजापति समुदाय की समृद्धि को बाधित करने की इच्छा रखने का भी आरोप लगाया.

यह बयान उस घटना के एक दिन बाद आया है जब यादव ने अयोध्या के वार्षिक दीपोत्सव समारोह के दौरान योगी आदित्यनाथ सरकार द्वारा दीये और मोमबत्तियां जलाने पर किए गए खर्च को लेकर सवाल उठाए थे और सुझाव दिया था कि सरकार को क्रिसमस (ईसाइयों का त्योहार) के दौरान शहरों को रोशन करने के लिए दुनिया भर में की जाने वाली व्यवस्थाओं से सीख लेनी चाहिए.

तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए भाजपा के राज्यसभा सदस्य और पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने कहा, ”अखिलेश यादव कट्टरपंथियों और जिहादियों के वोट के मोह में इतने अंधे हो गए हैं कि अब वह अपने ही यादव समुदाय के खिलाफ बोलने लगे हैं और प्रजापति समुदाय से उसकी समृद्धि भी छीनना चाहते हैं.” उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी टिप्पणी विपक्षी गुट ‘इंडिया’ की मानसिकता और भारतीय संस्कृति, हिंदू धर्म तथा दीये बनाने वाले प्रजापति समुदाय के प्रति ‘घृणा’ को भी दर्शाती है.

त्रिवेदी ने कहा, ”उनकी टिप्पणी ‘इंडी’ गठबंधन की मानसिकता से प्रेरित है, जो सनातन धर्म के उन्मूलन का आह्वान करता है, या राहुल गांधी से प्रेरित है जो कहते हैं कि उन्हें हिंदू धर्म की शक्ति के खिलाफ लड़ना है.” यादव की टिप्पणी को ‘निंदनीय’ बताते हुए भाजपा नेता ने आश्चर्य व्यक्त करते हुए कहा, ”यह विदेशी मानसिकता का कैसा प्रभाव है कि वे इसे (दिवाली पर दीये जलाने को) लेकर दोषी महसूस कर रहे हैं? यह दुखद है कि आज ऐसा कलियुग दिखाई दे रहा है.” उन्होंने कहा कि प्राचीन काल में राजाओं के आगमन पर ‘गौ ब्राह्मण पालक, धर्म ध्वजा रक्षक’ जैसे नारे लगाए जाते थे. उन्होंने कहा,”आज ‘इंडी’ गठबंधन के नेताओं के लिए नारे लगाए जाने चाहिए, ‘मुल्ला-मौलवी प्रतिपालक, घुसपैठिया संरक्षक और सनातन धर्म विध्वंसक, इंडी गठबंधन वाले प्रवेश कर रहे हैं’.”

अखिलेश यादव तत्काल अपना बयान वापस लेकर हिंदुओं से माफी मांगें: केशव प्रसाद मौर्य

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को दीपावली पर्व को लेकर दिए गए कथित बयान पर तत्काल हिंदुओं से माफी मांगने की मांग की है और उन्हें सनातन विरोधी करार दिया.

मौर्य ने रविवार को ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, ”सपा मुखिया अखिलेश यादव जी, आपसे अनुरोध है कि तुष्टीकरण और वोट बैंक की राजनीति के लिए हिंदू आस्था का अपमान करना बंद करें.” उन्होंने कहा, ”भारतीय संस्कृति में दीपदान सदियों पुरानी परंपरा है, जो प्रकाश, सद्भाव, आस्था और श्रद्धा का प्रतीक है. आपने दीपावली पर दीये बेचने वाले प्रजापति समाज के रोजगार को भी छीनने का घिनौना कृत्य किया है.” मौर्य ने कहा, ”आपके ओछे बयान ने प्रदेशवासियों सहित संपूर्ण भारत और विश्वभर में दीपोत्सव मनाने वालों की भावनाओं को ठेस पहुंचाई है. आप तत्काल अपना बयान वापस लें और हिंदुओं से माफी मांगें.”

शनिवार को लखनऊ में अखिलेश यादव ने दीपोत्सव समारोहों को लेकर पूछे गए सवाल पर संवाददाताओं से कहा था, ”दुनिया में इस समय, क्रिसमस के समय पूरा शहर जगमगा उठता है और महीनों तक रोशनी रहती है. जरा इनसे सीखो. दीयों और मोमबत्तियों पर बार-बार खर्च क्यों हो रहा है, और यह सब मंथन क्यों?” उन्होंने कहा, ”हम इस सरकार से क्या उम्मीद करें? ऐसी सरकारों को हटा देना चाहिए. हम बहुत सुंदर रोशनी करेंगे.” भाजपा की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए यादव को सनातन विरोधी मानसिकता का प्रतीक बताया. उन्होंने कहा, ”सपा प्रमुख अखिलेश यादव जी की सनातन विरोधी मानसिकता एक बार फिर उजागर हो गई है.”

उन्होंने आरोप लगाया, ”सपा प्रमुख कभी हिंदू रीति-रिवाजों एवं आस्था से खिलवाड़ करते हैं, तो अब त्योहारों पर भी टिप्पणी करने से पीछे नहीं हट रहे हैं.” चौधरी ने कहा, ”एक ओर जहां समस्त देशवासी दीपावली के पावन अवसर पर हर्षोल्लास के साथ स्वदेशी वस्तुओं की खरीददारी कर उत्सव मना रहे हैं, वहीं सपा प्रमुख इसे पैसों की बर्बादी बता रहे हैं.” उन्होंने सवाल उठाया, ”अखिलेश जी, हिंदू धर्म और उनकी पवित्र आस्था के लिए भाजपा सरकार सदैव सजग और तत्पर है. आप जो दीए और मोमबत्तियों की खरीदारी को पैसों की बर्बादी कह रहे हैं, आप उस समय यह बात क्यों नहीं सोचे जब आप अपनी ही सरकार में कब्रिस्तानों की ‘बाउंड्री’ (चारदीवारी) बनवाने के लिए करोड़ों रुपये खर्च कर रहे थे और ईद-मोहर्रम जैसे कार्यक्रमों में मंच साझा कर रहे थे, तब आपको पैसे की बर्बादी नहीं समझ में आई थी?”

अपने पोस्ट में उन्होंने कहा, ”आपका यह बयान साफ दर्शाता है कि आप सनातन धर्म और संस्कृति के कट्टर विरोधी हैं. अखिलेश जी आपके इस अनर्गल बयान और हिंदू विरोधी कुंठित मानसिकता के लिए प्रदेश आपको कभी स्वीकार नहीं करेगा.” भाषा आनन्द खारी

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button