बिहार में जबरदस्त सत्ता विरोधी लहर, नये राजनीतिक दल के लिए काफी संभावनाएं : प्रशांत किशोर

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 08 Apr 2024 07:22 PM
बिहार में जबरदस्त सत्ता विरोधी लहर, नये राजनीतिक दल के लिए काफी संभावनाएं : प्रशांत किशोर
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. राजनीतिक रणनीतिकार प्रशांत किशोर ने कहा है कि बिहार में एक नयी पार्टी के लिए असीम संभावनाएं हैं क्योंकि लालू प्रसाद या नीतीश कुमार के नेतृत्व एवं लगभग समान विचारधारा वाले दलों के गठबंधन के 35 साल के शासन के बाद राज्य में ”जबरदस्त सत्ता विरोधी लहर” है.

किशोर की यह टिप्पणी तब आई है, जब उनके गृह राज्य बिहार में जारी उनकी ‘जन सुराज’ यात्रा अगले साल के उत्तरार्ध में विधानसभा चुनाव से पहले एक राजनीतिक दल के गठन के साथ समाप्त होने की उम्मीद है. किशोर ने कहा कि एक बार दल का गठन होने पर हर चुनाव लड़ा जाएगा.

यह पूछे जाने पर कि क्या बिहार में दो मजबूत क्षेत्रीय दलों – लालू प्रसाद के नेतृत्व वाले राजद और नीतीश कुमार के नेतृत्व वाले जनता दल (यूनाइटेड) के अलावा भाजपा, वाम दल और कांग्रेस की मौजूदगी के बावजूद एक और राजनीतिक दल के लिए जगह है, इस पर किशोर ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा कि बिहार में अन्य राज्यों की तुलना में (नयी पार्टी के लिए) अधिक जगह है. उन्होंने कहा कि लगभग 35 वर्षों से राज्य में लालू और नीतीश के ईद-गिर्द गठबंधन बनते रहे हैं और इन दोनों की विचारधारा कमोबेश समान है.

राजनीतिक रणनीतिकार ने कहा कि सामाजिक न्याय, समाजवाद और ‘जंगल राज’ जैसे मुद्दे इन वर्षों में छाए रहे हैं. उन्होंने कहा, ”वहां (बिहार) जबरदस्त सत्ता विरोधी लहर है. इन 35 वर्षों में कोई बुनियादी बदलाव नहीं हुआ है. मेरे हिसाब से तो (एक नयी पार्टी के लिए) काफी संभावनाएं हैं.” किशोर की ‘जन सुराज’ यात्रा के घोषित लक्ष्यों में से एक यह भी है कि इससे जुड़े लोग एक राजनीतिक पार्टी बनाएंगे.

किशोर ने कहा कि एक बार ऐसी पार्टी आकार ले लेगी, तो वह हर चुनाव लड़ेगी. बिहार में जन सुराज यात्रा शुरू करने से पहले कई राजनीतिक दलों के लिए चुनावी रणनीति बना चुके किशोर ने कहा कि वह पहले राजनीतिक दलों और उनके नेताओं को जो सलाह दे रहे थे, अब वह लोगों से सीधे संवाद करके वह बातें बता रहे हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu