संघर्ष, मेहनत और आत्मविश्वास ही सफलता की कुंजी- वित्त मंत्री ओपी चौधरी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 24 Nov 2025 10:34 PM
संघर्ष, मेहनत और आत्मविश्वास ही सफलता की कुंजी- वित्त मंत्री ओपी चौधरी
ऑडियो सुनें

रायपुर. युवाओं के सुनियोजित करियर निर्माण और उज्ज्वल भविष्य के लक्ष्य को लेकर आज रायगढ़ के रामलीला मैदान में भव्य एवं प्रेरणादायी करियर मार्गदर्शन कार्यक्रम आयोजन किया गया. यह आयोजन प्रदेश के वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओ.पी. चौधरी की विशेष पहल पर आयोजित हुआ, जिसमें सुपर 30 के संस्थापक और प्रख्यात गणितज्ञ पद्मआनंद कुमार ने हजारों विद्यार्थियों को सफलता, संघर्ष, लक्ष्य और मेहनत का प्रेरक मंत्र दिया.

युवाओं करियर निर्माण के लिए योजनाबद्ध तरीके से आगे बढें

वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि करियर निर्माण में स्पष्ट लक्ष्य, सही मार्गदर्शन और कठोर परिश्रम तीन सबसे महत्वपूर्ण तत्व हैं. उन्होंने कहा कि जीवन में कठिनाइयाँ अक्सर सफलता की ऊँची छलांग का आधार बनती हैं. उन्होंने युवाओं से करियर संबंधी पुस्तकें पढ़ने, परीक्षा संबंधी जानकारी रखने और योजनाबद्ध तरीके से आगे बढ़ने की अपील की. उन्होंने घोषणा की कि जिले के सौ से अधिक मेधावी विद्यार्थियों को 5-5 हजार रुपये स्वेच्छानुदान दिया जाएगा, जिसका उपस्थित युवाओं ने तालियों की गड़गड़ाहट से स्वागत किया.

कठिन परिस्थितियों में आत्मविश्वास के साथ शिखर तक पहुंचे

पद्मआनंद कुमार ने कहा कि उन्हें रायगढ़ आकर जितनी खुशी मिली है, उतनी ही प्रेरणा वे यहां के युवाओं से लेकर जा रहे हैं. उन्होंने युवाओं से ईमानदार मेहनत, आत्मविश्वास और धैर्य बनाए रखने की अपील की. उन्होंने कहा कि युवा जब सपने देखेंगे, तभी उनके हौसले ऊंची उड़ान भरेंगे. आनंद कुमार ने अपने संघर्ष की कहानियों से छात्रों को परिचित कराते हुए बताया कि पिता के निधन के बाद उन्होंने पापड़ बेचना शुरू किया. आर्थिक तंगी के कारण कैम्ब्रिज विश्वविद्यालय नहीं जा सके, लेकिन इसी संघर्ष ने उन्हें मजबूत बनाया और सुपर 30 की शुरुआत की. उन्होंने अभिषेक राज, शशि नारायण और निधि झा जैसे छात्रों की प्रेरक कहानियाँ साझा कीं, जो कठिन परिस्थितियों के बावजूद सफलता के शिखर तक पहुंचे.

संघर्ष जितना कठिन होगा, सफलता उतनी ही चमकेगी

कुमार ने कहा कि सरकारी स्कूल में पढ़ने वाले या सीमित संसाधनों वाले विद्यार्थी कभी खुद को कमजोर न समझें. संघर्ष करने वाले विद्यार्थियों का मुकाबला कोई नहीं कर सकता. उन्होंने कहा कृ “जो भी काम करो, बेहतरीन करो. बहाने मत बनाओ, मेहनत में कमी मत आने दो. संघर्ष जितना कठिन होगा, सफलता उतनी ही चमकेगी.” उन्होंने बताया कि सुपर 30 के 17 बैचों के 510 छात्रों की सफलता के पीछे उनकी मेहनत, संघर्ष और आत्मविश्वास ही सबसे बड़ी ताकत रही है.

रायगढ़ में आयोजित इस विशाल युवा सम्मेलन में विद्यार्थियों ने मोबाइल फ्लैशलाइट जलाकर उत्साहपूर्वक स्वागत किया. कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग में चयनित, गोल्ड मेडलिस्ट, उत्कृष्ट छात्र-छात्राओं और आईआईटी में चयनित आर. बालाजी यादव सहित कई प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया. कार्यक्रम में महापौर जीवर्धन चौहान, सभापति डिग्रीलाल साहू, पूर्व विधायक, जनप्रतिनिधि, पार्षदगण और बड़ी संख्या में छात्र उपस्थित रहे. प्रशासनिक अधिकारियों में कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी, एसपी दिव्यांग पटेल, जिला पंचायत सीईओ अभिजीत पठारे सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे.

25 नवम्बर को पुसौर और सरिया में होगा भव्य आयोजन

युवा करियर मार्गदर्शन कार्यक्रम का दूसरा चरण 25 नवंबर की सुबह 8.30 बजे पुसौर के इंद्रप्रस्थ स्टेडियम में आयोजित होगा, जिसमें पुसौर और खरसिया क्षेत्र के 40 स्कूलों और 3 महाविद्यालयों के विद्यार्थी शामिल होंगे. इसी दिन शाम 3.30 बजे सरिया में भी विशाल करियर मार्गदर्शन सत्र आयोजित किया जाएगा. इन कार्यक्रमों में विद्यार्थी सीधे पद्मआनंद कुमार से संवाद कर सकेंगे और लक्ष्य निर्धारण, समय प्रबंधन, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी तथा आत्मविश्वास के विकास पर प्रत्यक्ष मार्गदर्शन प्राप्त करेंगे.

वित्त मंत्री ओपी चौधरी एवं सुपर 30 के संस्थापक आनंद कुमार पुसौर और सरिया में देंगे करियर मार्गदर्शन

वित्त मंत्री ओपी चौधरी के विशेष पहल पर प्रदेश के युवाओं को प्रेरित करने के उद्देश्य से देश के प्रसिद्ध गणितज्ञ एवं सुपर 30 के संस्थापक पद्मश्री आनंद कुमार द्वारा रायगढ़, पुसौर और सरिया में करियर मार्गदर्शन कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है. 25 नवंबर की सुबह 8:30 बजे पुसौर में तथा शाम 3.30 बजे सरिया में विद्यार्थियों और युवाओं के लिए विशेष मार्गदर्शन सत्र होंगे.

कार्यक्रम में आनंद कुमार अपने अनुभवों के आधार पर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, उच्च शिक्षा के अवसर और भविष्य निर्माण से जुड़े महत्वपूर्ण सुझाव देंगे. कार्यक्रम को लेकर छात्र-छात्राओं, अभिभावकों और युवाओं में विशेष उत्साह है. स्थानीय प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों ने युवाओं से इन अवसरों का अधिकाधिक लाभ लेने की अपील की है.

 

 

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu