
नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को कहा कि चंद्रयान-3 की सफलता पूरी मानवता के लिए शुभ संकेत है. मोदी ने चंद्रमा पर भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) की तीसरी महत्वकांक्षी परियोजना के लिए शुभकामनाएं देने के वास्ते भूटान के अपने समकक्ष लोटे शेरिंग का शुक्रिया अदा किया. इसरो ने शुक्रवार को आंध्र प्रदेश के श्रीहरिकोटा से चंद्रयान-3 का प्रक्षेपण किया, जिसका लक्ष्य चंद्रमा की सतह पर ‘सॉफ्ट लैंडिंग’ की दुर्लभ उपलब्धि हासिल करना है.
भूटान के प्रधानमंत्री ने ट्वीट किया, “मैं चंद्रयान-3 के सफल प्रक्षेपण को लेकर इसरो और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की तरह ही बेहद खुश हूं. यह क्षितिज से परे विज्ञान को समझने और कुछ नया सीखते रहने की आपकी दृष्टि एवं प्रतिबद्धता को प्रर्दिशत करता है.” शेरिंग ने कहा, “भारत और मानवता को इस मिशन से अत्यधिक लाभ हो.” अपने भूटानी समकक्ष के ट्वीट पर प्रतिक्रिया देते हुए मोदी ने लिखा, “महामहिम, आपके गर्मजोशी भरे शब्दों के लिए धन्यवाद. चंद्रयान की सफलता यकीनन पूरी मानवता के लिए शुभ संकेत है.”



