चंडीगढ़ महापौर चुनाव मामले में उच्चतम न्यायालय का फैसला लोकतंत्र की बड़ी जीत : आप

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 20 Feb 2024 07:28 PM
चंडीगढ़ महापौर चुनाव मामले में उच्चतम न्यायालय का फैसला लोकतंत्र की बड़ी जीत : आप
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली/चंडीगढ़. आम आदमी पार्टी (आप) ने चंडीगढ़ महापौर चुनाव मामले में उच्चतम न्यायालय के आदेश का स्वागत करते हुए मंगलवार को कहा कि यह लोकतंत्र के लिए एक बड़ी जीत है. इसके साथ ही पार्टी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं को चुनाव के दौरान “बेईमानी” के लिए देश से माफी मांगनी चाहिए. उच्चतम न्यायालय ने मंगलवार को चंडीगढ़ महापौर चुनाव के परिणाम को पलटते हुए आप-कांग्रेस गठबंधन के पराजित उम्मीदवार कुलदीप कुमार को शहर का नया महापौर घोषित किया.

आप प्रवक्ता सौरभ भारद्वाज ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि न्यायालय के आदेश ने भाजपा को बेनकाब कर दिया है और उसे आईना दिखा दिया है. उन्होंने कहा कि अगर भाजपा के नेताओं में थोड़ी भी शर्म बची है तो उन्हें देश से माफी मांगनी चाहिए.
उन्होंने कहा, “यह गंभीर चिंता का विषय है कि अगर भाजपा और उसकी केंद्र सरकार इतने छोटे चुनाव में खुलेआम बेईमानी कर सकती है, तो वे अन्य चुनावों में क्या करेंगे, जहां कोई माइक्रोफोन और सीसीटीवी कैमरे नहीं हैं.” पार्टी प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने सर्वोच्च अदालत की सराहना करते हुए कहा कि उसने इस “कठिन समय” में लोकतंत्र को बचाया है.

उन्होंने कहा कि न्यायालय का फैसला विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ के लिए बहुत बड़ी जीत है. भाजपा ने 30 जनवरी को चंडीगढ़ महापौर चुनाव में कांग्रेस-आप गठबंधन के खिलाफ जीत हासिल की थी. महापौर पद के लिए भाजपा के मनोज सोनकर ने आप के कुलदीप कुमार को हराया था. सोनकर को अपने प्रतिद्वंद्वी के 12 मतों के मुकाबले 16 मत मिले थे.
सोनकर ने रविवार को महापौर पद से इस्तीफा दे दिया था.

पंजाब के मुख्यमंत्री मान ने चंडीगढ़ महापौर चुनाव पर न्यायालय के फैसले को सत्य की जीत बताया
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने चंडीगढ़ महापौर चुनाव पर उच्चतम न्यायालय के फैसले का स्वागत करते हुए मंगलवार को कहा कि ”अंतत: सत्य की जीत हुई.” मान ने ‘एक्स’ पर पंजाबी भाषा में पोस्ट किया, ”अंतत: सत्य की जीत हुई, हम चंडीगढ़ महापौर चुनाव पर उच्चतम न्यायालय के फैसले का स्वागत करते हैं… प्रधान न्यायाधीश ने निर्वाचन अधिकारी द्वारा अमान्य करार दिये गये आठ मतों को वैध बताते हुए आप के कुलदीप कुमार को महापौर घोषित किया.” मान ने कहा कि भाजपा को उसकी खुल्लमखुल्ला गड़बड़ियों को लेकर करारा जवाब मिला है. उन्होंने ‘लोकतंत्र की इस बड़ी जीत’ के लिए चंडीगढ़ की जनता को बधाई दी.

आप पार्षद कुलदीप कुमार ने न्यायालय के फैसले को लोकतंत्र की जीत बताया
उच्चतम न्यायालय द्वारा चंडीगढ़ का महापौर घोषित किए जाने के बाद आम आदमी पार्टी (आप) के पार्षद कुलदीप कुमार ने मंगलवार को कहा कि यह लोकतंत्र और शहर के निवासियों की जीत है. शीर्ष अदालत द्वारा आप पार्षद को विजेता और चंडीगढ़ का महापौर घोषित किए जाने के बाद पार्टी कार्यालय में जश्न मनाया गया. आप कार्यकर्ताओं और पार्षदों ने एक-दूसरे को मिठाइयां खिलाईं.

कुमार ने न्यायालय के फैसले पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि अगर चंडीगढ़ महापौर चुनाव में भाजपा ने कथित तौर पर धांधली नहीं की होती तो वह पहले ही महापौर बन गए होते. कुमार ने कहा, ”यह लोकतंत्र की जीत है, चंडीगढ़ निवासियों की जीत है और सच्चाई की जीत है.” उन्होंने कहा, ”आज, मेरी आंखों में खुशी के आंसू हैं.” तीस जनवरी को मतगणना के दौरान आठ वोट अवैध घोषित होने पर कुमार रो पड़े थे. कुमार ने एक सवाल के जवाब में कहा कि चंडीगढ़ में विकास कार्य उसी तरह किए जाएंगे जैसे पंजाब और दिल्ली में किए जा रहे हैं. उन्होंने कहा कि उन्हें हमेशा न्यायालय पर पूरा भरोसा था.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu