सूरजपुर : हेड कॉन्स्टेबल की पत्नी और बेटी की हत्या, आरोपी गिरफ्तार

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Tue, 15 Oct 2024 10:14 PM
सूरजपुर : हेड कॉन्स्टेबल की पत्नी और बेटी की हत्या, आरोपी गिरफ्तार
ऑडियो सुनें

सूरजपुर. छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में एक हेड कॉन्स्टेबल की पत्नी और बेटी की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी को बलरामपुर जिले से गिरफ्तार कर लिया . पुलिस अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी. सूरजपुर जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र में रविवार रात कुलदीप साहू ने हेड कॉन्स्टेबल तालिब शेख के घर पर हमला कर उनकी पत्नी मेहनाज शेख (35) और बेटी आलिया शेख (11) की हत्या कर दी थी.

सूरजपुर जिले के पुलिस अधीक्षक एमआर अहीरे ने मंगलवार को यहां संवाददाताओं को बताया कि पुलिस ने झारखंड की सीमा से लगे बलरामपुर जिले में आरोपी कुलदीप साहू को गिरफ्तार कर लिया. अहीरे ने बताया कि साहू से पूछताछ की जाएगी, जिसके बाद इस संबंध में अधिक जानकारी मिल सकेगी. उन्होंने बताया कि पुलिस इस मामले में अन्य लोगों से भी पूछताछ कर रही है. अधिकारी ने बताया कि पोस्टमार्टम में हत्या की पुष्टि हुई हालांकि दुष्कर्म की बात सामने नहीं आई.

पुलिस के मुताबिक, सूरजपुर जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र में रविवार को दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान कुलदीप साहू ने किसी बात को लेकर हुए विवाद के बाद पुलिस के एक सिपाही पर खौलता तेल डाल दिया था. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जब पुलिस दल को मामले की जांच और साहू को गिरफ्तार करने के लिए भेजा गया तब साहू ने हेड कॉन्स्टेबल तालिब शेख और पुलिस दल को चार पहिया एक वाहन से रौंदने की कोशिश की.

अहीरे ने बताया कि दुर्गा विसर्जन का कार्यक्रम खत्म होने के बाद जब हेड कॉन्स्टेबल शेख अपने घर पहुंचा तब बाहर का दरवाजा टूटा हुआ था और उनकी पत्नी व बेटी घर में मौजूद नहीं थी. उन्होंने बताया कि घर में खून देखकर शेख ने पुलिस अधिकारियों को इसकी सूचना दी. अधिकारी ने बताया कि पुलिस दल के वहां पहुंचने के बाद शेख की पत्नी और बेटी की खोज शुरू की गई.

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सोमवार सुबह शहर से लगभग चार किलोमीटर दूर पीढ़ा गांव के करीब शेख की पत्नी और बेटी का शव बरामद किया गया. घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय लोगों ने आरोपी साहू के घर में तोड़फोड़ और आगजनी कर दी थी.
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में तनाव को देखते हुए वहां बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav