न्यू ओर्लियंस में हुई घटना का संदिग्ध मारा गया: कानून प्रवर्तन अधिकारी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 01 Jan 2025 08:53 PM
न्यू ओर्लियंस में हुई घटना का संदिग्ध मारा गया: कानून प्रवर्तन अधिकारी
ऑडियो सुनें

न्यू ओर्लियंस. अमेरिका के न्यू ओर्लियंस में लोगों को कार से कुचलने और गोलीबारी करने का संदिग्ध पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में मारा गया. कानून प्रवर्तन अधिकारियों ने ‘एसोसिएटेड प्रेस’ को यह जानकारी दी. कुछ अधिकारियों ने नाम उजागर न करने की शर्त पर यह जानकारी दी. उन्होंने कहा कि वे जांच का विवरण देने के लिए अधिकृत नहीं हैं. न्यू ओर्लियंस में कैनाल एवं बॉर्बन स्ट्रीट नामक मार्ग पर बुधवार को एक कार के भीड़ में घुसने से 10 लोगों की मौत हो गई और 30 अन्य घायल हो गए.

यह घटना न्यू ओर्लियंस में नए साल के जश्न के अंत में तड़के 3.15 बजे और शहर के कैसर सुपरडोम में आयोजित कॉलेज फुटबॉल क्वार्टर फाइनल ऑलस्टेट बाउल की शुरुआत से कुछ घंटे पहले हुई, जिसमें हजारों लोगों की मौजूदगी की उम्मीद थी. न्यू ओर्लियंस की मेयर लाटोया कैंट्रेल ने इसे ”आतंकी हमला” करार दिया. शहर के पुलिस प्रमुख ने कहा कि इस कृत्य को स्पष्ट रूप से जानबूझकर अंजाम दिया गया.

संघीय जांच एजेंसी एफबीआई के प्रभारी सहायक ने हालांकि कहा कि यह ”कोई आतंकवादी घटना नहीं है.” एफबीआई के न्यू ओर्लियंस फील्ड कार्यालय के प्रभारी सहायक विशेष एजेंट एलेथिया डंकन ने कहा कि अधिकारी घटनास्थल पर कम से कम एक संदिग्ध तात्कालिक विस्फोटक उपकरण को लेकर जांच कर रहे हैं.

पुलिस आयुक्त ऐनी किर्कपैट्रिक ने कहा कि पुलिस अधिकारी शुगर बाउल में सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए काम करेंगे. उन्होंने बताया कि गोली लगने से घायल हुए दो पुलिस अधिकारियों की हालत स्थिर है. शहर के आपातकालीन विभाग ‘नोला रेडी’ ने कहा कि घायलों को पांच स्थानीय अस्पतालों में ले जाया गया है. व्हाइट हाउस ने कहा कि राष्ट्रपति जो बाइडन को इस हमले के बारे में जानकारी दे दी गई है. न्याय विभाग ने कहा कि अटॉर्नी जनरल मेरिक गारलैंड को भी हमले के बारे में जानकारी दी गई है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu