मालदीव की निलंबित मंत्री ने भारतीय ध्वज का मखौल उड़ाया, आलोचना के बाद मांगी माफी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 08 Apr 2024 09:58 PM
मालदीव की निलंबित मंत्री ने भारतीय ध्वज का मखौल उड़ाया, आलोचना के बाद मांगी माफी
ऑडियो सुनें

माले. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने की वजह से इस साल जनवरी में निलंबित की गईं मालदीव की मंत्री मरियम शिउना ने अब भारत के राष्ट्रीय ध्वज का मखौल उड़ाया है और विपक्षी मालदीवियन डेमोक्रेटिक पार्टी (एमडीपी) के खिलाफ एक पोस्टर में ध्वज के कुछ हिस्सों को शामिल किया है. युवा मामलों की पूर्व उप मंत्री मरियम शिउना ने विवाद बढ.ने पर सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर अपने पोस्ट की सामग्री के लिए माफी मांगी है.

उन्होंने लिखा, ”मैं अपनी एक हालिया सोशल मीडिया पोस्ट के बारे में बात करना चाहती हूं जिसने ध्यान आर्किषत किया और आलोचना हुई. मैं अपनी हालिया पोस्ट की सामग्री के कारण हुए किसी भी भ्रम या अपराध के लिए पूरी गंभीरता से माफी मांगती हूं.” उन्होंने ‘एक्स’पर लिखा, ”यह मेरे संज्ञान में लाया गया है कि मालदीव की विपक्षी पार्टी एमडीपी के खिलाफ प्रतिक्रिया देने के दौरान इस्तेमाल की गई छवि भारतीय ध्वज से मिलती जुलती है. मैं यह स्पष्ट करना चाहती हूं कि यह पूरी तरह से अनजाने में हुआ था, और इसके कारण हुई किसी भी गलतफहमी के लिए मुझे खेद है.”

निलंबित कनिष्ठ मंत्री ने पोस्ट में कहा, ”मालदीव , भारत के साथ अपने संबंधों और हमारे आपसी सम्मान को बहुत महत्व देता है. भविष्य में मैं इस तरह की गलतियों को रोकने के लिए अपने द्वारा साझा की जाने वाली सामग्री को सत्यापित करते वक्त अधिक सतर्क रहूंगी.” अधाधु ऑनलाइन सामाचार पोर्टल द्वारा सोमवार को दी गई खबर के मुताबिक उन्होंने भारत का मखौल उड़ाने के किसी भी इरादे से इनकार किया और दावा किया कि उन्होंने ‘गलती से’ भारतीय ध्वज के डिजाइन का इस्तेमाल किया. हालांकि, निलंबित मंत्री ने उस पोस्ट में भारत की सत्तारूढ. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के लोगो का इस्तेमाल किए जाने को लेकर कोई सफाई नहीं दी जिसको लेकर उनकी आलोचना की जा रही है. उनकी पोस्ट मालदीव में 21 अप्रैल को होने वाले संसदीय चुनाव से पहले आई है.

शिउना को इस साल के शुरुआत में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ ‘अपमानजनक टिप्पणी’ करने के बाद मालदीव की सरकार से निलंबित कर दिया गया था. उन्होंने शनिवार रात को भारतीय ध्वज का मखौल उड़ाते हुए पोस्ट किया था. उनके ‘एक्स’ अकाउंट पर साझा की गई तस्वीर में एमडीपी के अभियान के नारे को बदल दिया गया था और भारत की सत्तारूढ. पार्टी का लोगो शामिल किया गया था.

तस्वीर की आलोचना होने के बाद शिउना ने पोस्ट हटा दी और अपने ‘एक्स’ अकाउंट पर दिए गए परिचय से ‘उप मंत्री’ भी हटा दिया.
प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ ‘अपमानजनक टिप्पणी’ को लेकर शिउना और युवा मंत्रालय के दो अन्य उप मंत्री जनवरी से निलंबित हैं. इस घटना से दोनों देशों के बीच संबंधों में तनाव आ गया और कूटनीतिक विवाद पैदा हो गया था.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu