बेरूत. सीरिया के सूचना मंत्रालय ने देश में कवरेज को लेकर पक्षपातपूर्ण रवैया अपनाने और फर्जी खबरें फैलाने का आरोप लगाते हुए बीबीसी की मीडिया मान्यता रद्द कर दी है. ब्रिटिश ब्रॉडकास्टिंग कॉर्पोरेशन (बीबीसी)-अरबी ने सीरिया में मादक पदार्थों के अवैध व्यापार को लेकर हाल में एक खोजी वृत्तचित्र (डॉक्यूमेंट्री) जारी किया था, जिसमें अनुमानित तौर पर अरबों डॉलर के इस कारोबार और सीरिया सरकार व राष्ट्रपति बशर अल असद के परिवार के बीच संबंधों को रेखांकित किया गया था.
सीरिया के सूचना मंत्रालय ने शनिवार को कहा कि चैनल को दो बार चेतावनी दी गई थी कि उसने आतंकवादी समूहों और सीरिया के शत्रुओं के बयानों व गवाहियों के आधार पर भ्रामक समाचार प्रसारित किए हैं. सीरिया ने देश में बीबीसी रेडियो, टीवी और वीडियोग्राफी के लाइसेंस रद्द कर दिए हैं.
बीबीसी ने ‘एसोसिएटेड प्रेस’ को ईमेल के जरिए भेजे गए एक बयान में कहा, “हम तथ्यों को स्थापित करने के लिए विभिन्न राजनीतिक समूहों के लोगों से बात करते हैं.” बीबीसी ने कहा कि वह “निष्पक्ष व स्वतंत्र पत्रकारिता करता है.” बयान में कहा गया है, “हम अरबी भाषी दर्शकों को निष्पक्ष समाचार व जानकारी प्रदान करते रहेंगे.”