भारतीय अफसरों को धमकाने वाले तत्वों पर कार्रवाई करें : डोभाल ने अपने ब्रिटिश समकक्ष से कहा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 07 Jul 2023 09:01 PM
भारतीय अफसरों को धमकाने वाले तत्वों पर कार्रवाई करें : डोभाल ने अपने ब्रिटिश समकक्ष से कहा
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) अजीत डोभाल ने शुक्रवार को अपने ब्रिटिश समकक्ष सर टिम बैरो से ब्रिटेन में भारतीय उच्चायोग के अधिकारियों को धमकी देने वाले चरमपंथी तत्वों के खिलाफ निर्वासन जैसी कड़ी सार्वजनिक कार्रवाई करने का आग्रह किया. आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी.

डोभाल ने भारत की यात्रा पर आए बैरो के साथ व्यापक बातचीत के दौरान यह मुद्दा उठाया. दोनों एनएसए ने आमने-सामने बातचीत की जिसके बाद प्रतिनिधिमंडल स्तर की बातचीत हुई. खालिस्तान समर्थक समूहों ने ब्रिटेन के साथ-साथ अमेरिका, कनाडा और ऑस्ट्रेलिया में वरिष्ठ भारतीय राजनयिकों के खिलाफ हिंसा भड़काने वाले पोस्टर जारी किए हैं. भारत पहले ही इन सभी देशों से भारतीय राजनयिकों और उसके मिशनों की सुरक्षा सुनिश्चित करने को कह चुका है.

एक सूत्र ने बताया, “भारतीय पक्ष ने ब्रिटेन में चरमपंथी तत्वों द्वारा भारतीय उच्चायोग के अधिकारियों को धमकी देने का मुद्दा उठाया और ब्रिटिश सरकार से इन तत्वों के खिलाफ निर्वासन या कानूनी मुकदमा चलाने जैसी कड़ी सार्वजनिक कार्रवाई करने का आग्रह किया.” दोनों पक्ष आतंकवाद और आतंकी वित्तपोषण का मुकाबला करने के लिए मिलकर काम करने पर भी सहमत हुए. दोनों एनएसए ने महत्वपूर्ण और उभरती प्रौद्योगिकियों में पारस्परिक रूप से लाभकारी द्विपक्षीय सहयोग को गहरा करने का भी संकल्प लिया.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu