रेल पटरी से छेड़छाड़, रेलवे कर्मचारियों की सतर्कता से दुर्घटना टली

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Sat, 21 Sep 2024 02:54 PM
रेल पटरी से छेड़छाड़, रेलवे कर्मचारियों की सतर्कता से दुर्घटना टली
ऑडियो सुनें

सूरत: गुजरात के सूरत जिले में शनिवार को अज्ञात लोगों ने कथित तौर पर रेल पटरी से छेड़छाड़ करके ट्रेन को पटरी से उतारने की साजिश की तहत ‘फिश’ प्लेटें हटा दीं तथा कई पेंच ढीले कर दिए।
अधिकारियों ने बताया कि कोसांबा और किम रेलवे स्टेशन के बीच प्रभावित पटरी से ट्रेन गुजरने से पहले ही एक लाइनमैन ने तड़के गड़बड़ी को भांपकर रेलवे अधिकारियों को सूचना दी, जिसके चलते छेड़छाड़ की कोशिश का पता चल गया।

सूरत (ग्रामीण) के पुलिस अधीक्षक हितेश जोयसर ने बताया कि अज्ञात व्यक्तियों ने रेलवे पटरी पर दो पटरियों के सिरों पर लगीं दो ‘फिश प्लेट’ हटा दीं और उन्हें बराबर वाली पटरी पर रख दिया। जोयसर ने बताया कि उन्होंने 40-50 पेंच भी ढीले कर दिए।

पुलिस उपाधीक्षक आर.आर. सरवैया ने बताया कि सुबह करीब साढ़े पांच बजे पटरी का निरीक्षण कर रहे एक लाइनमैन को इस गड़बड़ी का पता चला और उसने रेलवे प्रशासन को सूचित किया। उन्होंने कहा, ‘‘रेलवे इंजीनियर और अन्य कर्मचारी घटनास्थल पर पहुंचे और लाइन की मरम्मत की, जिसके बाद विभिन्न ट्रेन की आवाजाही फिर से शुरू हुई।’’

सरवैया ने बताया कि रेलवे और स्थानीय पुलिस ने जांच शुरू कर दी है तथा मामला दर्ज किया जा रहा है।
किम थाने के निरीक्षक पी.एच. जडेजा ने कहा कि यह ट्रेन को पटरी से उतारने की कोशिश थी और रेलवे कर्मचारियों की सतर्कता के कारण दुर्घटना टल गई। उन्होंने कहा कि नुकसान ठीक होने के बाद ट्रेन की आवाजाही फिर से शुरू हो गई।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav