
Telangana Vidhan Sabha Chunav Voting, Election News Live: तेलंगाना विधानसभा की कुल 119 सीटों के लिए 2,290 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। राज्य के 3.26 करोड़ मतदाता इनकी किस्मत का फैसला करेंगे। राज्य में 35,655 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। राज्यभर में सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक वोटिंग होगी।
कोंडल रेड्डी पर बीआरएस कार्यकर्ताओं ने लगाए गुंडागर्दी के आरोप
तेलंगाना में सुबह 11 बजे तक 20.64 प्रतिशत मतदान हुआ है। वहीं तेलंगाना कांग्रेस के अध्यक्ष रेवंत रेड्डी के भाई कोंडल रेड्डी का आरोप है कि ‘जब वह एक बूथ गए थे तो बीआरएस कार्यकर्ताओं ने मुझे रोकने की कोशिश की। मुझ पर हमले की कोशिश की गई। बीआरएस कार्यकर्ताओं की गाड़ियां मेरी कार का पीछा कर रही हैं और मुझे रोकने का प्रयास किया जा रहा है। हमने पुलिस से इसकी शिकायत की है।’ वहीं बीआरएस कार्यकर्ताओं का कहना है कि ‘कोंडल रेड्डी कामारेड्डी के पोलिंग बूथ का दौरा कर रहे हैं जबकि वह यहां के मतदाता भी नहीं हैं। कोंडल रेड्डी फर्जी पास लेकर घूम रहे हैं और रिटर्निंग अफसर से बातचीत कर रहे हैं। पुलिस भी उन्हें नहीं रोक रही है। वह गुंडागर्दी कर रहे हैं। हमें पता चला है कि उनके साथ के लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया है लेकिन हिरासत में लेने के 10 मिनट बाद ही उन्हें छोड़ दिया गया। हम चुनाव आयोग से इसकी शिकायत करेंगे।’
मशहूर अभिनेता नागार्जुन ने पत्नी समेत किया मतदान
हैदराबाद में मशहूर अभिनेता और निर्माता नागार्जुन और उनकी पत्नी अमला अक्किनेनी ने जुबली हिल्स में सरकारी वर्किंग वुमन छात्रावास पोलिंग बूथ पर मतदान किया। नागार्जुन के बेटे और फिल्म अभिनेता नागा चैतन्य ने भी अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
फिल्म अभिनेता श्रीकांत ने किया मतदान
फिल्म अभिनेता श्रीकांत ने जुबली हिल्स स्थित एक मतदान केंद्र पर मतदान किया। इस दौरान उन्होंने भी लोगों से वोट डालने की अपील की।



