
मुंबई. अभिनेता अमिताभ बच्चन की मेजबानी में टीवी कार्यक्रम ‘कौन बनेगा करोड़पति’ (केबीसी) के 15वें संस्करण की शुरुआत 14 अगस्त से होगी. टीवी चैनल ‘सोनी टीवी’ ने यह घोषणा की. यह कार्यक्रम सोमवार से शुक्रवार रात नौ बजे प्रसारित होगा जिसमें भागीदारों से सवाल पूछे जाते हैं. ‘सोनी टीवी’ ने सोमवार रात अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर प्रसारण की तिथि की घोषणा की.
चैनल ने ट्वीट में लिखा, ”ज्ञानदार, धनदार और शानदार तरीके से ‘कौन बनेगा करोड़पति’ आ रहा है आपसे मिलने एक नए रूप में. देखिए ‘कौन बनेगा करोड़पति’ 14 अगस्त से सोमवार से शुक्रवार रात नौ बजे सिर्फ सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन पर.” बच्चन ने बीते सप्ताह बताया था कि उन्होंने कार्यक्रम के 15वें संस्करण की तैयारी शुरू कर दी है. वर्ष 2000 में आए ‘केबीसी’ के पहले संस्करण से बच्चन (80) इसकी मेजबानी कर रहे हैं. बच्चन ने केवल वर्ष 2007 में कार्यक्रम के तीसरे संस्करण की मेजबानी नहीं थी. अभिनेता शाहरुख खान ने कार्यक्रम के तीसरे संस्करण की मेजबानी की थी.



