हमले में जान गंवाने वाले चीनी अभियंताओं को ले जा रही बस ‘बुलेट प्रूफ’ नहीं थी: पुलिस

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 07 Apr 2024 06:59 PM
हमले में जान गंवाने वाले चीनी अभियंताओं को ले जा रही बस ‘बुलेट प्रूफ’ नहीं थी: पुलिस
ऑडियो सुनें

पेशावर. पश्चिमोत्तर पाकिस्तान में पिछले महीने आत्मघाती हमले में जान गंवाने चीनी अभियंताओं को लेकर जो बस जा रही थी, वह न तो ‘बुलेट प्रूफ’ थी और न ही ‘बम प्रूफ’. पुलिस की रिपोर्ट में यह बात कही गयी है. अशांत खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के सुदूर बेशाम क्षेत्र में 26 मार्च को एक आत्मघाती बम हमलावर ने चीनी अभियंताओं के एक काफिले को निशाना बनाया था . इन अभियंताओं को बस से उसी प्रांत के कोहिस्तान जिले में डासू पनबिजली केंद्र के निर्माण स्थल पर ले जाया जा रहा था. इस हमले में पांच चीनी नागरिक एवं उनके पाकिस्तानी चालक की जान चली गयी थी.

जियो न्यूज ने रविवार को खबर दी कि इस संबंध में संघीय सरकार को पुलिस ने रिपोर्ट भेजी है और उसमें कहा गया है कि इस हमले में जिस बस को निशाना बनाया गया था वह बस कराकोरम राजमार्ग पर एक अन्य बस से 15 फुट की दूरी पर जा रही थी तथा आत्मघाती हमलावर द्वारा विस्फोटकों से लदे वाहन को चीनी अभियंताओं को लेकर जा रही इस बस में टकरा देने से वह 300 फुट गहरी खाई में गिर गयी.

पुलिस रिपोर्ट में कहा गया है कि चीनी यात्रियों को लेकर जा रही यह बस न तो ‘बुलेट प्रूफ’ थी और न ही ‘बम प्रूफ’. उसमें कहा गया है कि चीनी नागरिकों को ले जा रही बसों में सीसीटीवी लगे थे. पुलिस की इस तरह की यह दूसरी रिपोर्ट है. एक दिन पहले ही प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने इस घटना की एक जांच रिपोर्ट के आलोक में ‘लापरवाही’ को लेकर वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई का आदेश दिया था.

सूचना मंत्री अत्ताउल्लाह तरार ने कहा, ” प्रधानमंत्री ने हाजरा संभाग के क्षेत्रीय पुलिस अधिकारी, ऊपरी कोहिस्तान और निचले कोहिस्तान के जिला पुलिस अधिकारी, डासू पनबिजली परियोजना के सुरक्षा निदेशक, खैर पख्तूनख्वा की विशेष सुरक्षा इकाई के कमांडेंट के खिलाफ 15 दिनों में कार्रवाई करने का निर्देश दिया है.” शुक्रवार को शरीफ ने सभी पाकिस्तानी सुरक्षा एजेंसियों को देश में विभिन्न परियोजनाओं पर काम कर रहे चीनी नागरिकों के वास्ते अभेद्य सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया था.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu