
पणजी. आरती कडव की फिल्म ‘मिसेज’ में नृत्य ही वह कड़ी है जो सान्या मल्होत्रा और उनके किरदार ऋचा को एक-दूसरे से जोड़ती है. अभिनेत्री ने इस बात का जिक्र करते हुए यह भी कहा कि इस फिल्म ने उन्हें अपने दोनों जुनून को एक साथ दर्शकों के सामने लाने का एक बेहतरीन मौका दिया. दिल्ली में जन्मीं सान्या मल्होत्रा ने 2016 में ‘दंगल’ फिल्म के साथ बॉलीवुड में कदम रखने से पहले रियलिटी शो ‘डांस इंडिया डांस’ में भाग लिया था.
‘मिसेज’, जियो बेबी की मलयालम फिल्म ‘द ग्रेट इंडियन किचन’ (2021) का हिंदी-भाषा रूपांतरण है. फिल्म की कहानी एक महत्वाकांक्षी नृत्यांगना के जीवन के ईद-गिर्द घूमती है, जिसकी शादी एक पितृसत्तात्मक परिवार में कर दी जाती है, जहां उसकी दिनचर्या घरेलू कामकाज करने तक सीमित रह जाती है लेकिन आखिरकार वह अपने उत्पीड़न का विरोध करती है.
सान्या ने कहा, “यह एक ऐसी फिल्म है, जिसकी मुझे तलाश थी. मुझे अभिनय पसंद है और नृत्य करना मेरा शौक है. वृंदा गोपाल जी ने फिल्म में नृत्य निर्देशन किया है और यह कहानी के साथ बहुत अच्छी तरह से मेल खाती है.” मल्होत्रा ??ने यहां ‘पीटीआई-भाषा’ के साथ साक्षात्कार में कहा, “एक अभिनेत्री के तौर पर मैं लगातार ऐसे किरदारों की तलाश में रहती हूं, जिसमें मेरा कोई जुनून न छूट जाए. मुझे अभिनय करना पसंद है लेकिन मुझे नृत्य भी पसंद है. जब मुझे ऐसी शानदार कहानी मिली तो मैं इस तरह की फिल्म (मिसेज) में मौका पाकर बहुत खुश हुई.”
बवेजा स्टूडियोज के सहयोग से जियो स्टूडियोज द्वारा प्रस्तुत ‘मिसेज’ का निर्माण ज्योति देशपांडे, पम्मी बवेजा और हरमन बवेजा ने किया है. ‘मिसेज’ में निशांत दहिया और कंवलजीत सिंह भी मुख्य भूमिकाओं में हैं. फिल्म को 20 नवंबर को अंतरराष्ट्रीय भारत फिल्म महोत्सव (इफ्फी) में प्रर्दिशत किया गया.



