कानूनी लड़ाई जारी रहेगी, लेकिन न्यायालय के निर्देशानुसार नई शिक्षक भर्ती प्रक्रिया शुरू होगी: ममता

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 27 May 2025 08:16 PM
कानूनी लड़ाई जारी रहेगी, लेकिन न्यायालय के निर्देशानुसार नई शिक्षक भर्ती प्रक्रिया शुरू होगी: ममता
ऑडियो सुनें

कोलकाता. पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मंगलवार को कहा कि उनकी सरकार उच्चतम न्यायालय के निर्देशानुसार शिक्षकों की नई भर्ती प्रक्रिया शुरू करेगी, साथ ही नौकरी गंवाने वालों की बहाली के लिए पुर्निवचार याचिका भी दायर करेगी.
संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए बनर्जी ने कहा कि जिन शिक्षकों की नौकरी चली गई है, उन्हें नई भर्ती प्रक्रिया में उनके अनुभव और आयु में छूट का लाभ दिया जाएगा. उन्होंने कहा कि नई भर्ती के लिए अधिसूचना 31 मई तक जारी की जाएगी.

बनर्जी ने कहा, ”हम चाहते हैं कि जिन शिक्षकों की नौकरी चली गई है, उन्हें वापस नौकरी मिल जाए. लेकिन हमें 31 मई तक अधिसूचना जारी करने के उच्चतम न्यायालय के निर्देश का भी पालन करना होगा.” उन्होंने कहा, ”पुर्निवचार याचिका और अधिसूचना जारी करने की प्रक्रिया दोनों एक साथ चलेंगी.” बनर्जी का यह बयान सरकारी स्कूलों के उन शिक्षण और गैर-शिक्षण कर्मचारियों द्वारा बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन के बीच आया है, जिन्होंने स्कूल सेवा आयोग (एसएससी) भर्ती घोटाले में उच्चतम न्यायालय के आदेश के कारण अपनी नौकरी खो दी थी.

नौकरी गंवाने वाले शिक्षकों के लिए राहत की घोषणा करते हुए बनर्जी ने कहा, ”उम्र कोई बाधा नहीं होगी. जिन लोगों की नौकरी चली गई है, उन्हें परीक्षा में बैठने की अनुमति दी जाएगी, भले ही वे सामान्य आयु सीमा पार कर चुके हों. उन्हें अपने अनुभव का भी लाभ मिलेगा.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu