साल 2024 का जनादेश भारत को दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी आर्थिक महाशक्ति बनायेगा: नरेन्द्र मोदी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 31 Mar 2024 06:46 PM
साल 2024 का जनादेश भारत को दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी आर्थिक महाशक्ति बनायेगा: नरेन्द्र मोदी
ऑडियो सुनें

मेरठ. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को जाट बहुल पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मेरठ की रैली से लोकसभा चुनाव अभियान की शुरुआत करते हुए पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह को नमन किया और कहा कि 2024 का जनादेश भारत को दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी आर्थिक महाशक्ति बनायेगा. यहां केंद्रीय आलू अनुसंधान संस्थान के मैदान पर राष्­ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के घटक दलों राष्ट्रीय लोकदल (रालोद), अपना दल (एस), निर्बल शोषित इंडियन हमारा आम दल (निषाद) और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के अध्यक्षों के साथ मंच साझा करते हुए मोदी ने राज्­य में लोकसभा चुनाव अभियान की शुरुआत की और सबको राम-राम (पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अभिवादन का तरीका) किया.

मोदी ने भरोसे के साथ कहा कि ”हमारी सरकार भी तीसरे कार्यकाल की तैयारी में अभी से जुट गयी है. हम आने वाले पांच साल का रोड मैप बना रहे हैं. नई सरकार बनने के बाद पहले सौ दिनों में हमे कौन- कौन से बड़े फैसले लेने हैं, इस पर तेजी से काम चल रहा है.” भ्रष्टाचार के जिक्र के साथ विपक्षी दलों पर प्रहार करते हुए मोदी ने कहा,” साथियों बीते 10 वर्षों में देश ने देखा है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ कितनी बड़ी लड़ाई शुरू की है. मैं भ्रष्टाचार पर कार्रवाई कर रहा हूं, इससे कुछ लोग बौखला गये हैं. वे अपना आपा खो बैठे हैं.”

उन्­होंने कहा, ” प्यारे देशवासियों! मैं कहता हूं, मोदी की गारंटी कहती है, मोदी का मंत्र है-भ्रष्टाचार हटाओ और वे कहते हैं कि भ्रष्­टाचारी बचाओ.” प्रधानमंत्री ने कहा,” यह चुनाव इन दो खेमों की लड़ाई है. एक खेमा एनडीए (राजग) का जो भ्रष्­टाचार हटाने के लिए मैदान में है और दूसरा वो खेमा जो भ्रष्टाचारियों को बचाने के लिए मैदान में है, फैसला आपको करना है.” उन्­होंने कहा कि हमने सुनिश्चित किया है कि गरीब का पैसा बीच में कोई और न हड़प पाये. हमारी सरकार ने कागजों से 10 करोड़ फर्जी लाभार्थी हटाये हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu