पेट्रोल पंप सील करने पहुंचे इंडियन ऑयल के अधिकारी की हत्या, केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी बोले- सख्त कार्रवाई होगी

Author: Navabharat News Group
UPDATED: Wed, 07 Oct 2026 07:24 PM
पेट्रोल पंप सील करने पहुंचे इंडियन ऑयल के अधिकारी की हत्या, केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी बोले- सख्त कार्रवाई होगी
ऑडियो सुनें

महाराष्ट्र के हिंगोली जिले में पेट्रोल पंप सील करने को लेकर हुए विवाद में इंडियन ऑयल के एक अधिकारी की हत्या कर दी गई. चोंडी गांव में कार्रवाई के दौरान पेट्रोल पंप संचालक के परिवार और कंपनी की टीम के बीच विवाद हुआ, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया. इसी दौरान इंडियन ऑयल के मैनेजर महेश शेळके पर धारदार हथियार से हमला कर दिया गया. गंभीर रूप से घायल महेश की मौके पर ही मौत हो गई.

केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने घटना पर दुख जताते हुए महाराष्ट्र सरकार और पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है. जानकारी के मुताबिक, हिंगोली जिले के चोंडी गांव में इंडियन ऑयल का एक पेट्रोल पंप पिछले कुछ दिनों से बंद था. कंपनी की ओर से पेट्रोल पंप को सील करने और उसका टेकओवर करने की कार्रवाई की जानी थी. इसी सिलसिले में इंडियन ऑयल के मैनेजर महेश शेळके अपनी टीम के साथ पेट्रोल पंप पर पहुंचे थे. टीम ने जैसे ही पेट्रोल पंप को सील करने की कार्रवाई शुरू की, वहां मौजूद पेट्रोल पंप संचालक के परिवार के सदस्यों और कंपनी के अधिकारियों-कर्मचारियों के बीच विवाद हो गया.

बताया जा रहा कि पेट्रोल पंप सील करने को लेकर शुरू हुआ विवाद कुछ ही देर में हाथापाई में बदल गया. इसी दौरान महेश शेळके पर धारदार हथियार से हमला कर दिया गया. हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए और पेट्रोल पंप परिसर में ही गिर पड़े. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. गंभीर चोट लगने के कारण महेश शेळके की मौके पर ही मौत हो गई. घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी.

इंडियन ऑयल के अधिकारी की हत्या की जानकारी सामने आने के बाद केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने भी इस घटना पर प्रतिक्रिया दी. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर महेश शेळके की मौत पर गहरा दुख जताया और घटना की कड़ी निंदा की. हरदीप पुरी ने कहा कि महेश शेळके इंडियन ऑयल के रिटेल आउटलेट के टेकओवर की कार्रवाई में शामिल टीम का हिस्सा थे और ड्यूटी के दौरान उन पर धारदार हथियार से हमला किया गया.

 

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Navabharat News Group