मानसून ‘ऑफर’ को उत्तर प्रदेश की जनता और भाजपा कार्यकर्ता 2027 में फिर 47 पर समेटेंगे: मौर्य

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 19 Jul 2024 07:31 PM
मानसून ‘ऑफर’ को उत्तर प्रदेश की जनता और भाजपा कार्यकर्ता 2027 में फिर 47 पर समेटेंगे: मौर्य

ऑडियो सुनें

लखनऊ. उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रमुख अखिलेश यादव के ‘मानसून ऑफर’ के एक दिन बाद शुक्रवार को पलटवार करते हुए कहा कि इसे 2027 में जनता और भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता फिर 47 पर समेटेंगे.
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा में राजनीतिक चर्चाओं के बीच ‘एक्स’ पर बृहस्पतिवार को कहा था ” मानसून पेशकश है-100 लाओ और सरकार बनाओ.” मौर्य ने शुक्रवार को ‘एक्स’ पर अपने एक पोस्ट में कहा कि मानसून ‘ऑफर’ को 2027 में जनता और कार्यकर्ता फिर 47 पर समेटेंगे.

इसी पोस्ट में उपमुख्यमंत्री ने कहा, ”एक डूबता जहाज और समाप्त होने वाला दल, जिसका वर्तमान और भविष्य खतरे में है, वह मुंगेरीलाल के हसीन सपने देख सकता है, परंतु पूर्ण नहीं हो सकता.” मौर्य ने दावा किया, ”हम 2027 में 2017 दोहराएंगे और फिर कमल की सरकार बनायेंगे.” वर्ष 2017 में मौर्य के भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का प्रदेश अध्यक्ष रहते हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा और उसकी सहयोगियों को 403 सदस्यीय विधानसभा में 325 सीट मिली थी, जबकि सपा के खाते में 47 सीट आयी थी. तब (2012-2017 तक) मुख्यमंत्री रहे अखिलेश यादव सत्ता से बाहर हो गये थे.

इसके पहले सपा अध्यक्ष ने बृहस्पतिवार को ‘एक्स’ किये गये एक पोस्ट में किसी का नाम नहीं लिया लेकिन राजनीतिक सूत्रों का कहना है कि अगर भाजपा में कोई भी नेता 100 विधायकों का समर्थन जुटा लेता है तो सपा मुख्यमंत्री पद के लिए उसे समर्थन दे सकती है. अखिलेश के इस पोस्ट को मौर्य से जोड़कर देखा जा रहा है. मौर्य ने भी बुधवार को अखिलेश यादव पर ‘एक्स’ के जरिये तंज करते हुए उन्हें ‘सपा बहादुर’ की संज्ञा दी थी.

By Yogesh Kumar Sahu