किसी शहर का जीवन स्तर उसके सार्वजनिक परिवहन की विश्वसनीयता, गुणवत्ता से झलकता है: स्टालिन

Author: navabharat digital
UPDATED: Mon, 10 Nov 2025 03:38 PM
किसी शहर का जीवन स्तर उसके सार्वजनिक परिवहन की विश्वसनीयता, गुणवत्ता से झलकता है: स्टालिन
ऑडियो सुनें

चेन्नई: तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन ने सोमवार को कहा कि किसी शहर में लोगों का जीवन स्तर उसके सार्वजनिक परिवहन की विश्वसनीयता और गुणवत्ता से झलकता है। उन्होंने संकेत दिया कि इस दृष्टिकोण से ‘मेट्रोपॉलिटन ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन (चेन्नई) लिमिटेड’ सुरक्षित यात्रा के लिए सुविधाओं में सुधार कर रहा है और अंतिम छोर तक ‘कनेक्टिविटी’ सुनिश्चित कर रहा है।

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में राज्य के परिवहन मंत्री के निरंतर प्रयासों की सराहना करते हुए कहा, ‘‘एमटीसी चेन्नई को बधाई जिसे भारत में सर्वश्रेष्ठ सार्वजनिक परिवहन प्रणाली वाले शहर के रूप में सम्मानित किया गया है और माननीय एसएस शिवशंकर को भी बधाई जो परिवहन विभाग का कार्यभार संभाल रहे हैं और इसका नेतृत्व कर रहे हैं।’’

उन्होंने एमटीसी को शुभकामनाएं दीं जो अंतिम छोर तक ‘कनेक्टिविटी’, आधी रात को भी सुरक्षित यात्रा, डिजिटल टिकंिटग सिस्टम, लो-फ्लोर इलेक्ट्रिक बसों के साथ दिन-प्रतिदिन बेहतर हो रहा है और यात्रियों की जरूरतों को समझते हुए नियमित अंतराल पर बसों का संचालन जारी रखे हुए है।

एमटीसी चेन्नई को नौ नवंबर को हरियाणा के गुरुग्राम में आयोजित अर्बन मोबिलिटी इंडिया (यूएमआई) सम्मेलन 2025 में ‘‘सर्वश्रेष्ठ सार्वजनिक परिवहन प्रणाली वाले शहर’’ का राष्ट्रीय पुरस्कार प्रदान किया गया। यह पुरस्कार केंद्रीय आवास एवं शहरी मामलों के मंत्री मनोहर लाल ने केंद्रीय आवास एवं शहरी मामलों के राज्य मंत्री तोखन साहू की उपस्थिति में तमिलनाडु के परिवहन मंत्री एसएस शिवशंकर और एमटीसी के प्रबंध निदेशक टी. प्रभुशंकर को प्रदान किया।

भारत की सबसे बड़ी सरकारी बस परिवहन एजेंसियों में से एक एमटीसी चेन्नई को चेन्नई की सार्वजनिक परिवहन प्रणाली में दक्षता, सुगम्यता, समावेशिता और पर्यावरणीय स्थिरता में सुधार लाने के उद्देश्य से की गई महत्वपूर्ण पहलों के लिए इस राष्ट्रीय सम्मान के लिए चुना गया।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital