हर नागरिक के अधिकार की रक्षा के लिए है ‘वोट चोरी’ के खिलाफ रैली : डी के शिवकुमार

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 14 Dec 2025 07:47 PM
हर नागरिक के अधिकार की रक्षा के लिए है ‘वोट चोरी’ के खिलाफ रैली : डी के शिवकुमार
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली/बेंगलुरु. कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार ने रविवार को कहा कि कथित ‘वोट चोरी’ के खिलाफ नयी दिल्ली में कांग्रेस की रैली प्रत्येक नागरिक के मतदान के अधिकार की रक्षा के लिए है. केंद्र की भाजपा सरकार पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं के वाहनों को दिल्ली में पार्टी की विशाल रैली में भाग लेने से रोकने का आरोप लगाते हुए, कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष शिवकुमार ने कहा कि रैली में भाग लेने के लिए राज्य से लगभग 3,500-4,000 पार्टी नेता और कार्यकर्ता आए हैं. कांग्रेस ने रविवार को दिल्ली के रामलीला मैदान में कथित ‘वोट चोरी’ के खिलाफ एक विशाल रैली का आयोजन किया.

शिवकुमार ने कहा, ‘‘हमने (प्रदेश कांग्रेस ने) 1,500 लोगों (पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं) के ठहरने की व्यवस्था की है, 2000 से अधिक लोगों ने अपने स्वयं के इंतजाम किए हैं. वे हवाई जहाज और ट्रेन से आए हैं. लगभग 3,500-4,000 लोग आए हैं. (हस्ताक्षर अभियान के तहत) राज्य से लगभग 1.42 करोड़ हस्ताक्षर एकत्र किए गए हैं.’’ नयी दिल्ली में पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं में काफी उत्साह है तथा वे राज्य और देश में कांग्रेस पार्टी को बचाने और नागरिकों के मताधिकार की रक्षा करने के लिए प्रतिबद्ध हैं.

कांग्रेस नेता ने कहा, ‘‘आज सुबह मुझे जो जानकारी मिली है, उसके अनुसार भाजपा और केंद्र सरकार कांग्रेस कार्यकर्ताओं के वाहनों को दिल्ली आने से रोक रही है. वे वाहनों को शहर में प्रवेश नहीं करने दे रहे हैं. मुझे नहीं पता कि वे ऐसा क्यों कर रहे हैं. मुझे नहीं पता कि भाजपा और केंद्र सरकार इतनी चिंतित क्यों हैं. लेकिन हमारी आवाज को कोई नहीं रोक सकता.’’

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu