IPL 2024: आरसीबी और लखनऊ सुपर जॉइंट्स की टीम आज होगी अपने सामने…

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Tue, 02 Apr 2024 02:16 PM
IPL 2024: आरसीबी और लखनऊ सुपर जॉइंट्स की टीम आज होगी अपने सामने…
ऑडियो सुनें

अभी तक अपने प्रदर्शन में निरंतरता रखने में नाकाम रही रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) की टीम लखनऊ सुपर जॉइंट्स के खिलाफ मंगलवार को यहां होने वाले इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के मैच में बेहतर खेल दिखाकर अपना अभियान पटरी पर लाने की कोशिश करेगी।

आरसीबी की टीम अभी तीन मैच में दो अंक लेकर अंक तालिका में आठवें स्थान पर है। पिछले मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स के हाथों करारी हार के कारण उसका नेट रन रेट भी गड़बड़ा गया है। फाफ डु प्लेसी की अगुवाई वाली आरसीबी की टीम को कम करके नहीं आंका जा सकता है लेकिन उसके खिलाड़ियों को अपने प्रदर्शन में निरंतरता लानी होगी।

उसके पास कई स्टार बल्लेबाज हैं लेकिन विराट कोहली को छोड़कर कोई भी अन्य नहीं चल पा रहा है। आरसीबी को अगर अपना अभियान पटरी पर लाना है तो कोहली के अलावा डु प्लेसी, ग्लेन मैक्सवेल, रजत पाटीदार और कैमरन ग्रीन को भी अच्छा प्रदर्शन करना होगा।

शीर्ष और मध्यक्रम के इन बल्लेबाजों की असफलता के कारण आरसीबी को अभी तक निचले मध्यक्रम के बल्लेबाजों दिनेश कार्तिक, अनुज रावत और महिपाल लोमरोर पर निर्भर रहना पड़ा है। पाटीदार की खराब फॉर्म जारी है और आरसीबी उनको विश्राम देकर सुयस प्रभुदेसाई जैसे खिलाड़ियों को मौका दे सकता है।

आरसीबी की चिंता केवल बल्लेबाजी को लेकर नहीं है क्योंकि उसके मुख्य गेंदबाज भी अभी तक अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं। उसका तेज गेंदबाजी विभाग मोहम्मद सिराज पर निर्भर है जिन्होंने अभी तक तीन मैच में दो विकेट लिए हैं। यही नहीं वह रनों पर अंकुश लगाने में भी नाकाम रहे हैं। सिराज ने अभी तक 10 रन प्रति ओवर की दर से रन लुटाए हैं।

सिराज के साथ नई गेंद संभालने वाले अलजारी जोसेफ ने भी अभी तक केवल एक विकेट लिया है और 9.4 रन प्रति ओवर की दर से रन लुटाए हैं। आरसीबी वेस्टइंडीज के इस तेज गेंदबाज के स्थान पर रीस टॉपले या लॉकी फर्ग्यूसन को अंतिम एकादश में शामिल करने पर विचार कर सकता है।लखनऊ की अपने कप्तान केएल राहुल की फिटनेस को लेकर चिंता बनी हुई है जिनका उपयोग अभी वह इंपैक्ट सब्सीट्यूट के रूप में कर रहा है। उनकी अनुपस्थिति में निकोलस पूरन कप्तानी का जिम्मा संभाल रहे हैं।

यह देखना होगा कि लखनऊ राहुल का उपयोग इंपैक्ट खिलाड़ी के रूप में ही करता है या फिर वह कप्तान, विकेटकीपर और बल्लेबाज की तीनों भूमिकाओं में वापसी करेंगे। यह लखनऊ ही नहीं बल्कि भारतीय क्रिकेट के लिए भी अच्छी खबर है कि तेज गेंदबाज मयंक यादव 150 किमी की रफ्तार से गेंदबाजी कर रहे हैं। वह चिन्नास्वामी स्टेडियम में भी अपनी रफ्तार का जादू दिखाने के लिए तैयार होंगे।

दोनों टीमें इस प्रकार हैं

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु: फाफ डु प्लेसी (कप्तान), ग्लेन मैक्सवेल, विराट कोहली, रजत पाटीदार, अनुज रावत, दिनेश कार्तिक, सुयश प्रभुदेसाई, विल जैक्स, महिपाल लोमरोर, कर्ण शर्मा, मनोज भंडागे, मयंक डागर, विजयकुमार विशक, आकाश दीप, मोहम्मद सिराज, रीस टॉपले, हिमांशु शर्मा, राजन कुमार, कैमरून ग्रीन, अल्जारी जोसेफ, यश दयाल, टॉम कुरेन, लॉकी फर्ग्यूसन, स्वप्निल सिंह, सौरव चौहान।

लखनऊ सुपर जाइंट्स: केएल राहुल (कप्तान), क्विंटन डी कॉक, निकोलस पूरन, आयुष बदोनी, काइल मेयर्स, मार्कस स्टोइनिस, दीपक हुडा, देवदत्त पडिक्कल, रवि बिश्नोई, नवीन-उल-हक, क्रुणाल पंड्या, युद्धवीर सिंह, प्रेरक मांकड़, यश ठाकुर, अमित मिश्रा, शमर जोसेफ, मयंक यादव, मोहसिन खान, के. गौतम, शिवम मावी, अर्शिन कुलकर्णी, एम. सिद्धार्थ, एश्टन टर्नर, मैट हेनरी, अरशद खान।

मैच का समयः शाम 7.30 बजे शुरू होगा।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav