स्वतंत्रता संग्राम के वीरों को सच्ची श्रद्धांजलि तब, जब हर घर तिरंगा फहराएगा: CM साय

रायपुर. छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि स्वतंत्रता संग्राम के वीरों को सच्ची श्रद्धांजलि तभी होगी, जब हर घर तिरंगा फहराएगा और भारत आर्थिक एवं सांस्कृतिक रूप से और अधिक सशक्त बनेगा. अधिकारियों ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान पर जारी ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के तहत रायपुर में भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया.

रायपुर के शहीद स्मारक भवन से तेलीबांधा तक निकली तिरंगा यात्रा में मुख्यमंत्री साय शामिल हुए. यात्रा के दौरान ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के नारों से पूरा मार्ग गूंज उठा. इस दौरान साय ने कहा कि तिरंगा यात्रा केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्रभक्ति का एक महान अनुष्ठान है, जो भारत की एकता, अखंडता और संप्रभुता का प्रतीक है.

उन्होंने कहा, ”तिरंगा हमारी आन-बान-शान है, इसकी रक्षा और मान-सम्मान के लिए हर नागरिक को दृढ़संकल्पित होना चाहिए. स्वतंत्रता संग्राम के वीरों को सच्ची श्रद्धांजलि तभी होगी, जब हर घर तिरंगा फहराएगा और भारत आर्थिक एवं सांस्कृतिक रूप से और अधिक सशक्त बनेगा.” मुख्यमंत्री साय ने जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत एक सशक्त और सम्मानित राष्ट्र के रूप में उभर रहा है.

उन्होंने पहलगाम हमले के बाद ‘ऑपरेशन सिंदूर’ में सेना के साहस और पराक्रम का उल्लेख करते हुए कहा कि यह पूरे देश के लिए गर्व का क्षण है, जिसने तिरंगे की शान को और ऊंचा किया. साय ने कहा कि बीते डेढ़ वर्षों में छत्तीसगढ़ सरकार ने नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में लगातार ‘एरिया डॉमिनेशन’ (क्षेत्र में प्रभुत्व कायम करना) करके नक्सलियों का प्रभुत्व समाप्त किया है. उन्होंने कहा कि जहां कभी नक्सलियों का लाल झंडा लहराता था, आज वहां तिरंगा शान से लहरा रहा है. उन्होंने कहा कि कई संवेदनशील गांवों में बरसों बाद फिर से तिरंगा फहराया गया है, जो शांति, विकास और सुरक्षा का नया संदेश दे रहा है.

मुख्यमंत्री ने कहा कि तिरंगे की गरिमा तब और बढ़ेगी जब देश आर्थिक रूप से मजबूत होगा. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प के अनुरूप छत्तीसगढ़ ने भी ‘विकसित छत्तीसगढ़’ का लक्ष्य निर्धारित किया है. उन्होंने कहा कि इसके लिए ‘छत्तीसगढ़ अंजोर’ दृष्टि पत्र तैयार किया गया है, जिसमें प्रदेश के समग्र विकास की रूपरेखा प्रस्तुत की गई है. साय ने सभी नागरिकों से अपील की कि वे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं और अपने घरों पर तिरंगा फहराकर स्वतंत्रता संग्राम के वीरों का स्मरण करें. तिरंगा यात्रा में रायपुर के सांसद बृजमोहन अग्रवाल, स्थानीय विधायक और अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद थे.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button