पूरा देश मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ लेते हुए देखना चाहता है: केशव प्रसाद मौर्य

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 15 Jun 2023 08:36 PM
पूरा देश मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ लेते हुए देखना चाहता है: केशव प्रसाद मौर्य
ऑडियो सुनें

पुणे/हैदराबाद. उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने बृहस्पतिवार को कहा कि अगले साल लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) 350 से अधिक सीट जीतेगी क्योंकि लोग चाहते हैं कि नरेन्द्र मोदी तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ लें. ‘मोदी (सरकार) के नौ साल’ पर यहां संवाददाता सम्मेलन के अवसर पर ‘पीटीआई-भाषा’ के साथ बातचीत में मौर्य ने कहा कि सरकार यौन उत्पीड़न के आरोपों से घिरे पार्टी सांसद और भारतीय कुश्ती महासंघ के प्रमुख बृजभूषण शरण सिंह पर चुप नहीं है तथा जांच चल रही है.

उन्होंने कहा, ”भाजपा के सिपाही के तौर पर मेरी और भारत के सभी नागरिकों की इच्छा है कि 350 से अधिक सांसदों के साथ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तीसरी बार शपथ लें.” उन्होंने विश्वास जताया कि भाजपा 2024 के लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में 80 में से 75 सीट जीतेगी. उन्होंने दावा किया कि आगामी आम चुनाव में महाराष्ट्र में भी भाजपा (48 में से) 45 सीट जीतेगी. उन्होंने कहा कि विपक्षी दलों की सत्ता की ‘तड़प’ जल्द खत्म नहीं होगी, क्योंकि भारत की आजादी के सौ साल पूरे होने तक यानी 2047 तक ‘सर्वत्र कमल खिला रहेगा’.

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा एकता को मजबूत करने के लिए इस महीने के उत्तरार्ध में विपक्षी दलों की बैठक बुलाने की पहल के बारे में पूछे जाने पर मौर्य ने कहा कि कुमार के जनता दल-यूनाइटेड (जदयू) और सत्तारूढ़ गठबंधन में ‘अफरातफरी’ जैसी स्थिति है. उन्होंने कहा कि अगले साल लोकसभा चुनाव में बिहार में कुमार की पार्टी अपना खाता भी नहीं खोल पायेगी. बिहार में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) और जदयू की गठबंधन सरकार है.

मौर्य ने कहा, ” वह (नीतीश) प्रधानमंत्री पद का सपना देख रहे हैं, लेकिन खबरें बताती हैं कि शायद उनकी मुख्यमंत्री की कुर्सी चली जाएगी. वह विचलित हैं . मैं सुझाव दूंगा कि योग दिवस पर वह योग करें, यह परेशानी दूर हो जाएगी.” उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ने कहा कि जब बिहार में विधानसभा चुनाव होंगे, तब भाजपा वहां सरकार बनायेगी.

बृजभूषण शरण सिंह के बारे में सवाल पूछे जाने पर उन्होंने कहा, ” जांच चल रही है और एसआईटी का गठन किया गया है. जांच के आधार कार्रवाई की जाएगी. देश ना केवल महिला पहलवानों, बल्कि सभी बेटियों का सम्मान करता है तथा भाजपा उनके लिए संघर्ष करेगी.” समान नागरिक संहिता के बारे में पूछे जाने पर मौर्य ने कहा कि भाजपा अनुच्छेद 370 की समाप्ति, भव्य राममंदिर के निर्माण और समान नागरिक संहिता को लागू करने के पक्ष में हमेशा से खड़ी रही है. उन्होंने कहा, ” 22वें विधि आयोग ने देश के लोगों से समान नागरिक संहिता पर सुझाव मांगे हैं. मैं उनसे सुझाव देने की अपील करता हूं ताकि यह काम तेजी से हो पाये.”

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के खिलाफ भ्रष्टाचार का एक भी आरोप नहीं: जावड़ेकर

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने बृहस्पतिवार को कहा कि पिछले नौ सालों में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाले केंद्रीय मंत्रिपरिषद के किसी भी सदस्य के खिलाफ भ्रष्टाचार का एक भी आरोप नहीं लगा है. मोदी सरकार की पिछले नौ साल की उपलब्धियों को रेखांकित करने के लिए यहां आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए राज्यसभा सदस्य ने कहा कि केंद्र ने ना तो राज्यों ना ही किसी अन्य के साथ कोई भेदभाव किया है. उन्होंने दावा किया कि भाजपा नीत केंद्र सरकार ने देश को आगे ले जाने की दिशा में काम किया.

उन्होंने कहा, ”कोई भ्रष्टाचार नहीं है… नौ साल में मोदी सरकार के किसी भी मंत्री के खिलाफ भ्रष्टाचार का एक भी आरोप नहीं लगा है, यहां तक कि विपक्ष की ओर से भी. वंशवाद की राजनीति नहीं है. लोगों का प्रधानमंत्री मोदी पर जबरदस्त भरोसा है. मोदी सरकार किसी के साथ भेदभाव नहीं करती है, किसी राज्य, किसी धर्म के साथ कोई भेदभाव नहीं है. मोदी सरकार गरीब से गरीब व्यक्ति का ख्याल रख रही है… हमने उन्हें सशक्त बनाया है.”

जावड़ेकर ने कहा, ”मोदी जी ने विकास की राजनीति की… बुनियादी ढांचे से लेकर जन सशक्तिकरण कार्यक्रमों तक, उन्होंने (मोदी) देश को आगे ले जाने की दिशा में काम किया. मोदी सरकार ने सुशासन और निर्णायक नेतृत्व दिया तथा स्थिरता प्रदान की. उन्होंने एक मजबूत नेतृत्व प्रदान किया, ना कि नीतियों को लेकर पंगुता की स्थिति बनने दी. दुनिया में भारत का कद बढ़ा है.” उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के नौ साल में भारतीय राजनीति और अर्थव्यवस्था में परिवर्तन हुआ है. उन्होंने कहा कि केंद्र ने ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के दर्शन पर काम किया है.

जावड़ेकर ने कहा कि भारत ब्रिटेन को पीछे छोड़ते हुए 10वें स्थान से छलांग लगाकर दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है. उन्होंने कहा कि भारत को आर्थिक दृष्टि से दुनिया का चमकता सितारा माना जाता है. उन्होंने कहा, ”भारत का विदेशी मुद्रा भंडार बढ़ा है, निर्यात बढ़ा है, औद्योगिक उत्पादन और विनिर्माण बढ़ा है और कृषि उत्पादन बढ़ा है. मोदी सरकार ने नौ साल में एक सोच और दृष्टिकोण के साथ काम किया और इसके परिणाम सामने हैं.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu