‘इंडिया’ गठबंधन के पक्ष में देश में जबर्दस्त लहर: जयराम रमेश

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 20 May 2024 10:31 PM
‘इंडिया’ गठबंधन के पक्ष में देश में जबर्दस्त लहर: जयराम रमेश
ऑडियो सुनें

सिरसा. कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने सोमवार को दावा किया कि देश में विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन के पक्ष में जबर्दस्त लहर है तथा यह गठबंधन केंद्र में अगली सरकार बनाने जा रहा है. रमेश ने कहा कि देश में 20 साल बाद इतिहास अपने आपको दोहरा रहा है क्योंकि जिस तरह कांग्रेस नीत संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) ने 2004 में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को हराया था, उसी तरह विपक्षी पार्टियों का ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंट इंक्लूसिव एलायंस (इंडिया)’ सत्तारूढ. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को हराने वाला है.

सिरसा से कांग्रेस प्रत्याशी एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री कुमारी सैलजा के पक्ष में यहां चुनाव प्रचार करने आये पार्टी महासचिव ने विश्वास जताया कि ‘इंडिया’ गठबंधन हरियाणा में सभी 10 संसदीय क्षेत्रों में जीतेगा और वह आम चुनाव के कुछ महीने बाद होने वाले विधानसभा चुनाव में भी विजयी होकर उभरेगा.

रमेश ने कहा कि लोग समझ चुके हैं कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ” हर चीज के बारे में बार-बार झूठ बोलकर देश में झूठ की महामारी फैला रहे हैं.” एक बयान के अनुसार उन्होंने कहा, ” प्रधानमंत्री अनजाने में भी एक सच नहीं बोल सकते हैं.” उन्होंने कहा कि मोदी लोगों का विश्वास खो चुके हैं. रमेश के साथ कांग्रेस महासचिव विनीत पूनिया भी थे.

वर्ष 2004 में भाजपा द्वारा प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में ‘इंडिया शाइनिंग’ के ध्येयवाक्य पर चुनाव लड़ने को याद करते हुए रमेश ने कहा कि 20 साल पहले किसी को भी विश्वास नहीं था कि भाजपा चुनाव हार जाएगी. उन्होंने कहा, ” लेकिन कांग्रेस नीत संप्रग ने ऐसा कर दिया और वह ऐसा फिर करने जा रही है. इतिहास अपने आप को दोहराने वाला है.” रमेश ने कहा कि पांच चरण का मतदान बताता है कि ‘इंडिया’ गठबंधन ‘स्पष्ट एवं निर्णायक’ जीत के लिए काफी आगे निकल चुका है. उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा आरक्षण के विरुद्ध है और वह संविधान बदलना चाहती है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu