ओडिशा में भाजपा-बीजद का ‘गठजोड़’ है : राहुल गांधी

प्रधानमंत्री का हर भाषण 'झूठ का अंबार' होता है: राहुल गांधी

राउरकेला/नयी दिल्ली. कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बुधवार को आरोप लगाया कि ओडिशा में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और बीजू जनता दल (बीजद) के बीच ”गठजोड़” है और कांग्रेस राज्य के लोगों के हितों की रक्षा के लिए बीजद-भाजपा गठजोड़ का विरोध करती रही है.
राहुल ने यहां ओडिशा के इस्पात शहर के रूप में प्रसिद्ध राउरकेला में अपनी ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ फिर शुरू की.

उन्होंने कहा, ”आप जानते ही हैं कि ओडिशा में नवीन पटनायक और नरेन्द्र मोदी की साझा सरकार है. दोनों ने हाथ मिलाया है और मिलकर काम करते हैं. मुझे संसद में पता चला कि बीजद, भाजपा का समर्थन करती है. बीजद के लोग भी भाजपा के इशारे पर हमें परेशान करते हैं.” राहुल ने दावा किया कि अकेली कांग्रेस पार्टी ही ओडिशा के लोगों के लिए बीजद-भाजपा गठजोड़ का विरोध कर रही है.

उन्होंने कहा, ”मैं नफरत के बाजार में मोहब्बत की दुकान खोलने के लिए ओडिशा आया हूं.” कांग्रेस नेता ने ओडिशा में बीजद सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य के 30 लाख लोग आजीविका की तलाश में दूसरे राज्यों में विस्थापित हो गए हैं क्योंकि राज्य सरकार ”उनके लिए काम नहीं कर रही है.” उन्होंने कहा, ”30 लाख लोगों के अपनी आजीविका के लिए दूसरे राज्यों में विस्थापित होने के साथ ही ओडिशा से बाहर के 30 करोड़पति राज्य की संपदा को लूटने के लिए यहां आए हैं.”

राहुल ने कहा कि ओडिशा में आदिवासियों की बड़ी आबादी है लेकिन सरकार राज्यों में दलितों के साथ ही उनकी भी ”उपेक्षा” कर रही है. उन्होंने कहा, ”मैं यहां छह-सात घंटे आपके ‘मन की बात’ सुनने आया हूं और केवल 15 मिनट अपनी बात रखूंगा” उन्होंने कहा कि ओडिशा में सबसे बड़ी समस्या बेरोजगारी है क्योंकि उद्योग सही तरीके से काम नहीं कर रहे हैं.

इससे पहले, राहुल ने वेदव्यास शिव मंदिर में पूजा करने के साथ राउरकेला में अपनी ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ की फिर शुरूआत की और उदितनगर से यहां पानपोश चौक तक 3.4 किलोमीटर लंबी पदयात्रा शुरू की. उन्होंने अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के ओडिशा प्रभारी अजय कुमार और ओडिशा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष शरत पटनायक के साथ लोगों से बातचीत की.

राहुल का रानीबांध में बिरसा मुंडा मैदान में दोपहर का भोजन करने और दोपहर बाद कुटरा तथा बड़ागांव में दो और सभाओं में भाग लेने का कार्यक्रम है. इसके बाद वह रानीबांध से अपनी यात्रा बहाल करेंगे और राजगंगपुर में एक रैली को संबोधित करेंगे. वह बस स्टैंड चौक सुंदरगढ़ से स्टेडियम चौक होते हुए एसबीआई चौक तक एक और किलोमीटर की पदयात्रा करेंगे. वह झारसुगुड़ा के अमलीपाली मैदान में रात्रि विश्राम से पहले एक और जनसभा को संबोधित करेंगे.

प्रधानमंत्री का हर भाषण ‘झूठ का अंबार’ होता है: राहुल गांधी

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने बुधवार को आरोप लगाया कि चुनावी मंच हो या संसद, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का हर भाषण सिर्फ ‘झूठ का अंबार’ होता है. उन्होंने राज्यसभा में प्रधानमंत्री द्वारा कांग्रेस पर निशाना साधे जाने के बाद उन पर पलटवार किया.
राज्यसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा का जवाब देते हुए प्रधानमंत्री ने कांग्रेस को ‘आउटडेटेड’ और आरक्षण का ‘जन्मजात विरोधी’ बताया तथा उसके ‘पतन’ के लिए संवेदनाएं प्रकट करते हुए ‘प्रार्थना’ की कि वह अगले आम चुनाव में 40 सीट बचा ले.

प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन के दौरान ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ पर निकले कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी पर भी निशाना साधा और उन्हें ‘कांग्रेस के युवराज’ के नाम से संबोधित करते हुए उन्हें ऐसा ‘नॉन स्टार्टर’ बताया जो न तो ‘लिफ्ट’ हो पा रहे हैं और ना ही ‘लांच’.

राहुल गांधी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ”चुनावी मंच हो या संसद, प्रधानमंत्री का हर भाषण सिर्फ ‘झूठ का अंबार’ होता है. वह अपने झूठ, अपनी तालियों और अपनी मीडिया के बीच इतने मग्न हो गए हैं कि जनता से जुड़ा हर सवाल उन्हें क्रोधित कर देता है.” उन्होंने कहा, ”क्रोध विकास की नहीं, विनाश की गारंटी है.”

Related Articles

Back to top button