अन्नाद्रमुक में किसी तरह का संकट नहीं, पार्टी को कोई नहीं तोड़ सकता: सुबाया

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Mon, 11 May 2026 03:34 PM
अन्नाद्रमुक में किसी तरह का संकट नहीं, पार्टी को कोई नहीं तोड़ सकता: सुबाया
ऑडियो सुनें

चेन्नई: अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) के विधायक एसाक्की सुबाया ने पार्टी में किसी तरह के संकट की खबरों को खारिज करते हुए सोमवार को कहा कि पार्टी पूरी तरह एकजुट है और जनकल्याण के लिए काम कर रही है। तमिलनाडु विधानसभा सत्र के पहले दिन संवाददाताओं से बातचीत में अंबासमुद्रम से विधायक एवं पूर्व मंत्री सुबाया ने पार्टी के भीतर असंतोष की अटकलों को खारिज किया। उन्होंने कहा, ”पार्टी में सब कुछ ठीक चल रहा है। कोई भी पार्टी को तोड़ नहीं सकता।”

सुबाया ने कहा कि पार्टी सुचारू रूप से काम कर रही है और व्यापक असंतोष की अफवाहों में कोई सच्चाई नहीं है। उन्होंने कहा, ”पार्टी में किसी तरह का असंतोष नहीं है।” पार्टी नेतृत्व में संभावित बदलाव के सवाल पर विधायक ने कहा कि इस तरह की बातें केवल बहस का विषय हैं और इनका मौजूदा स्थिति से कोई संबंध नहीं है।

संगठन को कमजोर करने की कोशिशों से साफ इनकार करते हुए सुबाया ने कहा कि किसी में भी पार्टी को ”तोड़ने” की ताकत नहीं है। उन्होंने पार्टी में विभाजन की खबरों को ”फर्जी” करार दिया। उन्होंने कहा कि पार्टी की प्राथमिकता सुशासन और देश के लोगों का कल्याण सुनिश्चित करना है।

अन्नाद्रमुक के विधायक की यह टिप्पणी ऐसे समय आई है, जब विधानसभा चुनावों में पार्टी के खराब प्रदर्शन के बाद अन्नाद्रमुक में अंदरूनी मतभेदों को लेकर चर्चाएं चल रही हैं। विधायक ने मीडिया से इस मुद्दे को अधिक तूल नहीं देने की अपील करते हुए कहा कि पार्टी सही दिशा में आगे बढ़ रही है और पूरी तरह व्यवस्थित है।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav