घर में घुसकर चोर ले उड़े थे लाखों के सोने-चांदी के जेवर, पुलिस ने छह धरे, इनमें हिस्ट्रीशीटर भी शामिल

Author: navabharat digital
UPDATED: Wed, 02 Jul 2025 12:19 PM
घर में घुसकर चोर ले उड़े थे लाखों के सोने-चांदी के जेवर, पुलिस ने छह धरे, इनमें हिस्ट्रीशीटर भी शामिल
ऑडियो सुनें

दुर्ग: दुर्ग के अमलेश्वर थाना क्षेत्र में लाखों रुपये की चोरी के मामले में छह आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में बिलासपुर सरकंडा थाना क्षेत्र का हिस्ट्रीशीटर रितेश उर्फ लुदू पांडे भी शामिल है। जोकि अपने साथी सोहन पटेल के साथ बुलेट से अमलेश्वर आकर चोरी की वारदात को अंजाम देकर फरार हो गया था।

अमलेश्वर थाना के कबीर नगर निवासी पीड़ित मुकेश देवांगन ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि 18 मई की रात वह अपने घर का दरवाजा बंद कर परिवार सहित अपने ससुराल चंगोरभाठा गया था। लेकिन जब वह दूसरे दिन सुबह लौटा तो घर का ताला टूटा हुआ था। आलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवर गायब थे। पुलिस मामले की जांच में जुटी थी।

जांच के दौरान जानकारी मिली कि बिलासपुर का निगरानी बदमाश रितेश उर्फ लुदू पांडे उसके साथी सोहन पटेल को बुलेट से अमलेश्वर की ओर आते देखा गया है। जिसके बाद पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। आरोपियों ने चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर तीन लाख 36 हजार रूपये के सोना और 2 लाख 30 हजार रूपये के चांदी के जेवर बरामद किए हैं। साथ ही बुलेट जब्त की है। मामले में कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जिसमें चोरी का माल खरीदने और छिपाने वाले भी शामिल हैं। वहीं एक अन्य फरार आरोपी की तलाश जारी है।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital