बदलापुर प्रदर्शन के पीछे राजनीति देखने वाले ‘असामान्य’ हैं या दोषियों के संरक्षक हैं : उद्धव

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 22 Aug 2024 08:07 PM
बदलापुर प्रदर्शन के पीछे राजनीति देखने वाले ‘असामान्य’ हैं या दोषियों के संरक्षक हैं : उद्धव
ऑडियो सुनें

मुंबई. शिव सेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने बृहस्पतिवार को यह कहते हुए महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे पर निशाना साधा कि एक स्कूल की दो बच्चियों के कथित यौन उत्पीड़न को लेकर मंगलवार को बदलापुर में हुए प्रदर्शन के पीछे जो लोग राजनीति देख रहे हैं, वे या तो असामान्य हैं या फिर दोषियों के संरक्षक हैं. ठाकरे की यह प्रतिक्रिया मुख्यमंत्री शिंदे के उस दावे के मद्देनजर आई है, जिसमें उन्होंने कहा था कि बदलापुर का विरोध राजनीति से प्रेरित था और ज्यादातर प्रदर्शनकारी बाहर से आए थे.

उन्होंने कहा कि विपक्षी धड़े महा विकास आघाडी (एमवीए) द्वारा 24 अगस्त को बुलाए गए बंद के पीछे कोई राजनीतिक मंशा नहीं है. बंद का उद्देश्य जागरूकता पैदा करना है कि महिलाओं की सुरक्षा प्राथमिकता होनी चाहिए और सरकार को भी ‘जागृत’ करना है.
शिव सेना प्रमुख ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, ”बदलापुर प्रदर्शन के पीछे जो लोग राजनीति महसूस कर रहे हैं, वे या तो असामान्य हैं या दोषियों के रक्षक हैं.” ठाकरे ने कहा कि यह प्रदर्शन बहुप्रचारित ‘मुख्यमंत्री माझी लाडकी बहन योजना” की तरह नहीं था. इस योजना के बारे उन्होंने दावा किया कि इसे आगामी विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखकर शुरू किया गया है.

उन्होंने कहा कि बदलापुर की घटना को लेकर विरोध प्रदर्शन वास्तव में गुस्से की अभिव्यक्ति थी. ठाकरे ने आश्चर्य जताया कि जब राज्य में बहनें सुरक्षित नहीं हैं तो लाडकी बहन योजना का क्या उपयोग है. शिव सेना प्रमुख ने प्रदर्शनकारियों के खिलाफ मामले दर्ज करने के लिए भी सरकार की आलोचना की. उन्होंने सरकार पर यौन उत्पीड़न मामले की जांच के दौरान बहुत ही असंवेदनशील तरीके से व्यवहार करने का आरोप लगाया. ठाकरे ने प्राथमिकी दर्ज करने में देरी को लेकर भी सरकार की आलोचना की. उन्होंने कहा कि इनमें से एक लड़की की गर्भवती मां को घंटों इंतजार करना पड़ा.

उन्होंने यह भी पूछा कि जब विरोध प्रदर्शन हुआ तो मुख्यमंत्री शिंदे कहां थे? ठाणे जिले के बदलापुर शहर में मंगलवार को एक स्थानीय स्कूल के परिसर में चार वर्षीय दो बच्चियों के कथित यौन उत्पीड़न के विरोध में हजारों लोग सड़कों और रेल की पटरियों पर उतर आए. गुस्साए अभिभावकों, स्थानीय निवासियों और अन्य लोगों ने रेल पटरियों को अवरुद्ध कर दिया और उस स्कूल में तोड़फोड़ की, जहां पिछले सप्ताह एक पुरुष सहायक ने दो बच्चियों का कथित तौर पर यौन उत्पीड़न किया था.

प्रदर्शन के दौरान रेलवे स्टेशन और बदलापुर के अन्य हिस्सों में पथराव की घटनाओं में कम से कम 25 पुलिसकर्मी घायल हो गए. पुलिस ने इस दौरान हुई हिंसा के सिलसिले में 72 लोगों को गिरफ्तार किया है. महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने बुधवार को कहा था कि बदलापुर में विरोध प्रदर्शन राजनीति से प्रेरित था और अधिकतर प्रदर्शनकारी बाहरी थे. एमवीए ने दोनों बच्चियों के कथित यौन उत्पीड़न के विरोध में 24 अगस्त को महाराष्ट्र बंद का आह्वान किया है.

बदलापुर में प्रदर्शन करने वाले लोग स्थानीय थे, बाहरी नहीं: राउत

शिवसेना-उद्धव बालासाहेब ठाकरे (शिवसेना-यूबीटी) के नेता संजय राउत ने कहा है कि बदलापुर के एक स्कूल में दो बच्चियों के कथित यौन उत्पीड़न के खिलाफ प्रदर्शन करने वाले लोग बाहरी नहीं, बल्कि स्थानीय थे.  राउत ने इसका जवाब देते हुए बदलापुर स्टेशन पर दंगा करने के आरोप में गिरफ्तार लोगों की पुलिस रिमांड अर्जी की प्रति बुधवार देर रात सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर साझा की, जिसमें कहा गया है कि अधिकतर प्रदर्शनकारी स्थानीय थे. पोस्ट में राउत ने महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को भी ‘टैग’ किया.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu