जिनके परिवार ने देश को दरिद्र बनाया, वे अब विदेश में छवि खराब कर रहे : ठाकुर

पुणे. पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने बुधवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला करते हुए कहा कि जिसके परिवार और पार्टी ने लंबे समय से देश पर शासन किया और उसे गरीब बनाया अब उसकी छवि विदेश में खराब कर रहे हैं. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा)के नेता ने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस की मानसिकता देश में आरक्षण व्यवस्था को खत्म करने की है. ठाकुर यहां फर्गुसन कॉलेज में आयोजित ‘विकसित भारत एंबेसडर-युवा कनेक्ट कार्यक्रम’ के अवसर पर संवाददाताओं से बात कर रहे थे.

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की हालिया अलग-अलग अमेरिका यात्रा के बारे में पूछने पर ठाकुर ने कहा कि मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद देश और इसकी 140 करोड़ जनता का सम्मान वैश्विक स्तर पर बढ़ा है और अब भारत दुनिया की शीर्ष पांच अर्थव्यवस्थाओं में एक है.

उन्होंने कहा, ”लेकिन जिनके परिवार और पार्टी ने 60 साल तक देश पर राज किया और देश को दरिद्र बना दिया, वे अब विदेश में देश की छवि को नुकसान पहुंचा रहे हैं.” पूर्व मंत्री ने कहा, ”ये लोग झूठ फैलाते हैं, ऐसा दुष्प्रचार करते हैं कि देश की छवि पर असर पड़ता है. लेकिन देश की जनता जानती है कि कौन इसका सम्मान बढ़ा रहा है और कौन इसका अपमान कर रहा है.” उन्होंने कहा, ”जब ऐसे लोग देश के लोगों का वैश्विक स्तर पर अपमान करते हैं तक बाहर के लोग सवाल करते हैं कि वे भारत के हैं या पाकिस्तान के.” ठाकुर ने कहा कि कर्नाटक उच्च न्यायालय ने कथित एमयूडीए घोटाले में राज्यपाल द्वारा मुख्यमंत्री सिद्धरमैया पर अभियोग चलाने की दी गई मंजूरी के खिलाफ दाखिल याचिका खारिज कर दी है और उन्हें मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे देना चाहिए.

उन्होंने कहा, ”जबतक जांच चल रही है उन्हें मुख्यमंत्री पद पर नहीं रहना चाहिए. भ्रष्टाचार के आरोप गंभीर हैं.” अमेरिका यात्रा के दौरान राहुल गांधी द्वारा आरक्षण और सिख समुदाय को लेकर गई टिप्पणी के बारे में पूछे जाने पर ठाकुर ने कहा कि देश में आरक्षण की व्यवस्था को खत्म करना कांग्रेस की मानसिकता रही है.

उन्होंने आरोप लगाया, ”चाहे वह (पूर्व प्रधानमंत्री) जवाहरलाल नेहरू हों, इंदिरा गांधी हों या राजीव गांधी और कांग्रेस, आरक्षण को खत्म करना उनकी मानसिकता रही है. राहुल गांधी ने भी विदेशी धरती पर यही भावनाएं व्यक्त की थीं.” ठाकुर ने कहा कि यह कांग्रेस ही है जिसने सिखों के बारे में गलत सूचना फैलाई क्योंकि ”राजीव गांधी के नेतृत्व में देश में सिखों की हत्या की गई और उन पर अत्याचार किए गए.” उन्होंने कहा, ”अब राहुल गांधी झूठ फैलाकर देश की छवि खराब कर रहे हैं. कांग्रेस ने सिखों का अपमान किया, जबकि मोदी सरकार ने समुदाय को न्याय दिलाने के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया और करतारपुर गलियारे को खोला.”

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button