‘भाजपा को वोट देना बेहतर’ वाले बयान पर टीएमसी ने अधीर पर साधा निशाना

अधीर भाजपा के एजेंट, उन्होंने बंगाल में 'इंडिया' गठबंधन के गठन में बाधा डाली: अभिषेक

नयी दिल्ली/कोलकाता/समसी. तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) ने कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी पर बुधवार को निशाना साधते हुए उन्हें भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ‘बी टीम’ बताया. दरअसल, कांग्रेस नेता चौधरी का एक कथित वीडियो सामने आया है जिसमें वह कहते सुने गए कि टीएमसी से बेहतर तो भाजपा को वोट देना है. इस पर टिप्पणी करते हुए, कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने कहा कि उनकी पार्टी का लक्ष्य पश्चिम बंगाल में भाजपा की सीट कम करना है और टीएमसी ‘इंडिया’ गठबंधन का हिस्सा है.

कथित वीडियो में पश्चिम बंगाल के बहरामपुर सीट से मौजूदा सांसद एवं उम्मीदवार चौधरी एक जनसभा को संबोधित करते हुए यह कहते हुए सुने गए, “टीएमसी को वोट देने से अच्छा है कि भाजपा को वोट दे दो.” पहले से ही चौधरी से खफा टीएमसी ने वीडियो पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्हें कांग्रेस के साथ सीट बंटवारा न होने के लिए जिम्मेदार ठहराया और उन्हें ‘बंगाल विरोधी’ करार दिया.
टीएमसी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा, “बंगाल में भाजपा की आंख और कान” के रूप में काम करने के बाद, चौधरी अब बंगाल में भाजपा का प्रचार कर रहे हैं.

टीएमसी ने कहा, “सुनें कि कैसे ‘बी-टीम’ का सदस्य खुलेआम लोगों से भाजपा को वोट देने के लिए कह रहा है. यह (भाजपा) एक ऐसी पार्टी है जिसने बंगाल का वाजिब हक देने से इनकार कर दिया और हमारे लोगों को उनके अधिकारों से वंचित कर दिया. एक बंगाल-विरोधी ही उस भाजपा के लिए प्रचार कर सकता है, जिसने बार-बार बंगाल के प्रतीकों का अपमान किया है.” उसने कहा, “13 मई को बहरामपुर की जनता इस धोखे का करारा जवाब देगी.”

टीएमसी के राज्यसभा सदस्य साकेत गोखले ने भी टिप्पणी को लेकर कांग्रेस नेता चौधरी पर हमला किया. उन्होंने कहा, “कांग्रेस की बंगाल इकाई प्रमुख अधीर रंजन चौधरी ने अपनी रैली में सार्वजनिक रूप से लोगों से टीएमसी के बजाय भाजपा को वोट देने के लिए कहा. जहां एक ओर ममता बनर्जी (प्रधानमंत्री नरेन्द्र) मोदी एवं केंद्रीय एजेंसियों के खिलाफ पूरी ताकत से लड़ रही हैं, वहीं बंगाल कांग्रेस खुलेआम भाजपा के लिए वोट मांग रही है.”

गोखले ने कहा, “बंगाल में टीएमसी ‘इंडिया’ की तरफ से भाजपा से मुकाबला कर रही है. इस बीच, कांग्रेस और माकपा ने मोदी के वफादार सिपाही बनना पसंद किया है. यह घृणित है और बेशर्मी से परे है.” इस बीच, रमेश ने कहा कि कांग्रेस का एकमात्र लक्ष्य पश्चिम बंगाल में भाजपा की सीट की संख्या कम करना है. रमेश ने कहा, ”मुझे नहीं पता कि अधीर जी ने क्या कहा, लेकिन हमारा उद्देश्य पश्चिम बंगाल में भाजपा की सीट की संख्या को काफी कम करना है.”

उन्होंने कहा, “उन्होंने (भाजपा) 18 सीट जीतीं, हमें उनकी सीट की संख्या कम करनी है और यही एकमात्र लक्ष्य है. ये विधानसभा चुनाव नहीं, ये लोकसभा चुनाव है.” रमेश ने कहा, “कांग्रेस, वाम दलों के साथ, ‘इंडिया’ गठबंधन का हिस्सा है, टीएमसी नेता ममता बनर्जी ने भी कहा है कि वे ‘इंडिया’ गठबंधन का हिस्सा हैं. हालांकि हमारा सीट बंटवारा नहीं हो सका.” पश्चिम बंगाल में टीएमसी, कांग्रेस-वाम गठबंधन और भाजपा के बीच त्रिकोणीय मुकाबला देखने को मिल रहा है, जहां लोकसभा की 42 सीट हैं.

भाजपा की विचारधारा बंगाल के लोगों से मेल नहीं खाती: ममता

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री एवं तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी ने बुधवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और राज्य के लोगों की विचारधारा ”एकदम अलग है.” मुख्यमंत्री ने भाजपा नेताओं को ”प्रवासी पक्षी” करार दिया और उन पर पश्चिम बंगाल के बारे में झूठ फैलाने का आरोप लगाया.

उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा,” बंगाल और भाजपा में कोई तालमेल नहीं है क्योंकि उनकी विचारधारा हमारी विचारधारा से एकदम अलग है. हम अपनी संस्कृति और परंपरा को बरकरार रखते हैं वहीं दिल्ली के प्रवासी पक्षी कुछ नहीं करते केवल बंगाल के बारे में झूठ फैलाते हैं.” बनर्जी ने कहा कि यह चुनाव, ”उनके भाग्य का फैसला करने और उन्हें उनकी साजिशों के लिए दंडित करने” के लिए है. मुख्यमंत्री ने साथ ही कहा कि ”बंगाल देश को रास्ता दिखाएगा.” बनर्जी अपने चुनाव प्रचार में भाजपा पर हमलावर रही हैं और उनका आरोप है कि केंद्र सरकार सामाजिक कल्याण योजनाओं के धन से राज्य को वंचित कर रही है.

अधीर भाजपा के एजेंट, उन्होंने बंगाल में ‘इंडिया’ गठबंधन के गठन में बाधा डाली: अभिषेक

तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) नेता अभिषेक बनर्जी ने बुधवार को कांग्रेस की पश्चिम बंगाल इकाई के अध्यक्ष अधीर रंजन चौधरी पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का एजेंट होने का आरोप लगाया और उन्हें विपक्षी गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) के गठन में बाधा डालने के लिए जिम्मेदार ठहराया.

यहां पार्टी उम्मीदवार प्रसून बनर्जी के समर्थन में एक रैली को संबोधित करते हुए अभिषेक बनर्जी ने मंगलवार को जंगीपुर में चौधरी के कथित भाषण का जिक्र किया, जिसमें उन्हें यह कहते हुए सुना गया था कि भाजपा को वोट देना टीएमसी को वोट देने से बेहतर है.
कथित वीडियो में मौजूदा सांसद और बहरामपुर से उम्मीदवार चौधरी को एक सार्वजनिक बैठक को संबोधित करते हुए और यह कहते हुए दिखाया गया है कि ”टीएमसी को वोट देने की तुलना में भाजपा को वोट देना बेहतर है.” उन्होंने कहा कि चौधरी के कार्य भाजपा के मकसद को पूरा कर रहे थे. टीएमसी महासचिव ने कहा, ”हम सभी चाहते थे कि बंगाल में ‘इंडिया’ गठबंधन का गठन हो. लेकिन चौधरी ने भाजपा के हाथों को मजबूत करने के लिए ऐसा नहीं होने दिया.” भाषा संतोष धीरज

Related Articles

Back to top button