
लखनऊ. रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शुक्रवार को कहा कि इजराइल-हमास और यूक्रेन-रूस जैसे वैश्विक संघर्षों और सूडान में जारी मानवीय संकट को हल करने में संयुक्त राष्ट्र “काफी मजबूत” भूमिका निभा सकता था. उन्होंने कहा कि आज की नयी दुनिया को एक नए संयुक्त राष्ट्र और अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था की आवश्यकता है.
सिंह अपने संसदीय क्षेत्र लखनऊ में सिटी मोंस्टोरी स्कूल की ओर से आयोजित “विश्व के प्रधान न्यायधीशों का अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन” को संबोधित कर रहे थे. उन्होंने कहा कि आज दुनिया के विभिन्न हिस्सों में संघर्ष जारी हैं, जिनमें इजराइल-हमास संघर्ष, यूक्रेन-रूस युद्ध और सूडान समेत अफ्रीका के कई क्षेत्रों में जारी मानवीय संकट शामिल है.
सिंह ने कहा, “इन सब के बीच, हमें संयुक्त राष्ट्र से एक बहुत मजबूत भूमिका की उम्मीद थी. लेकिन हम ऐसा होता नहीं देख रहे हैं. ऐसा होता दिखना चाहिए था.” रक्षा मंत्री ने यह भी कहा कि वैश्विक राजनीति की जटिलताओं, प्रमुख शक्तियों के प्रभाव और संस्थागत प्रक्रियाओं की धीमी गति के कारण ऐसा हो रहा है.
उन्होंने कहा, “इन कारकों ने अक्सर संयुक्त राष्ट्र की शक्तियों पर सवाल उठाए हैं.” सिंह ने कहा, “यह स्थिति तभी बदल सकती है जब हम संयुक्त राष्ट्र को पुन: उसके मूल उद्देश्य – शांति, न्याय व समान प्रतिनिधित्व – की ओर ले जाएं, जिसकी कल्पना इसकी स्थापना के समय की गई थी. उन्होंने कहा, “मुझे दृढ़ विश्वास है कि आज की नयी दुनिया को एक नए संयुक्त राष्ट्र की आवश्यकता है.”
दुबई एयर शो में बहादुर, साहसी भारतीय वायुसेना पायलट की मौत पर गहरा दुख: राजनाथ
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शुक्रवार को कहा कि दुबई एयर शो में हवाई करतब के दौरान लड़ाकू विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने से भारतीय वायुसेना के एक बहादुर और साहसी पायलट की जान जाने से वह ”बेहद दुखी” हैं. सिंह ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में शोकसंतप्त परिवार के प्रति हार्दिक संवेदना व्यक्त की और कहा कि दुख की इस घड़ी में राष्ट्र उनके साथ मजबूती से खड़ा है.
भारतीय वायुसेना ने कहा कि उसका एक लड़ाकू विमान तेजस शुक्रवार को दुबई एयर शो में हवाई करतब दिखाने के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिससे उसके पायलट की मौत हो गई. विभिन्न टीवी चैनलों पर प्रसारित हादसे के दृश्यों में विमान ऊंचाई से गिरते और फिर आग के गोले में घिरते हुए जमीन पर गिरता दिखाई देता है. इस दुघटना से दर्शक स्तब्ध रह गए.
सिंह ने कहा, ”दुबई एयर शो में हवाई करतब के दौरान भारतीय वायुसेना के एक बहादुर और साहसी पायलट के निधन से गहरा दु:ख हुआ है. शोकसंतप्त परिवार के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना. दुख की इस घड़ी में राष्ट्र उनके परिवार के साथ मजबूती से खड़ा है.” इससे पहले दिन में, भारतीय वायुसेना ने एक संक्षिप्त बयान में कहा कि वायुसेना को दुर्घटना में पायलट की मौत पर गहरा दुख है और वह दुख की इस घड़ी में शोकसंतप्त परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है.
भारतीय वायुसेना ने अपने ‘एक्स’ हैंडल पर कहा, ”दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए ‘कोर्ट ऑफ इंक्वायरी’ गठित की जा रही है.” मृत पायलट और ‘कोर्ट ऑफ इन्क्वायरी’ से संबंधित अधिक विवरण की प्रतीक्षा है. दुबई एयर शो संयुक्त अरब अमीरात में आयोजित होने वाला एक द्विवार्षिक कार्यक्रम है और इसमें उड़ान एवं स्थैतिक दोनों प्रकार के प्रदर्शन होते हैं.



