छत्तीसगढ़ में मारे गए 27 नक्सलियों में शीर्ष माओवादी नेता बसवराजू भी शामिल: अमित शाह

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 21 May 2025 07:21 PM
छत्तीसगढ़ में मारे गए 27 नक्सलियों में शीर्ष माओवादी नेता बसवराजू भी शामिल: अमित शाह
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बताया कि नक्सल आंदोलन के शीर्ष नेता और रीढ़, भाकपा-माओवादी का महासचिव नंबाला केशव राव उर्फ बसवराजू बुधवार को छत्तीसगढ़ में सुरक्षा बलों द्वारा मारे गए 27 खूंखार नक्सलियों में शामिल था.
शाह ने यह भी कहा कि नक्सलवाद के खिलाफ भारत की लड़ाई के तीन दशकों में यह पहली बार है कि महासचिव स्तर के किसी नेता को सुरक्षा बलों ने मार गिराया है.

गृह मंत्री ने ‘एक्स’ पर कहा, ह्ल नक्सलवाद को खत्म करने की लड़ाई में यह एक ऐतिहासिक उपलब्धि है. आज, छत्तीसगढ़ के नारायणपुर में एक अभियान में, हमारे सुरक्षा बलों ने 27 खूंखार माओवादियों को ढेर कर दिया है, जिनमें भाकपा-माओवादी का महासचिव, शीर्ष नेता और नक्सल आंदोलन की रीढ़ नंबाला केशव राव उर्फ बसवराजू भी शामिल है.” इस बड़ी सफलता के लिए बहादुर सुरक्षा बलों और एजेंसियों की सराहना करते हुए शाह ने कहा कि उन्हें यह बताते हुए खुशी हो रही है कि ‘ऑपरेशन ब्लैक फॉरेस्ट’ के पूरा होने के बाद छत्तीसगढ़, तेलंगाना और महाराष्ट्र में 54 नक्सलियों को गिरफ्तार किया गया है और 84 अन्य ने आत्मसमर्पण कर दिया.

उन्होंने कहा, ”मोदी सरकार 31 मार्च 2026 से पहले नक्सलवाद को खत्म करने के लिए संकल्पबद्ध है.” अधिकारियों ने बताया कि बसवराजू की उम्र करीब 70 साल थी. उन्होंने बताया कि मुठभेड़ नारायणपुर-बीजापुर-दंतेवाड़ा जिलों के त्रि-जंक्शन पर अभुजमाड़ के घने जंगलों में हुई.

अभियान में नारायणपुर, दंतेवाड़ा, बीजापुर और कोंडागांव के डीआरजी कर्मी शामिल थे और यह दो दिन पहले शुरू किया गया था. माओवादियों की केंद्रीय समिति और पोलित ब्यूरो के सदस्यों के साथ-साथ माड़ डिवीजन के वरिष्ठ कैडर और पीएलजीए (पीपुल्स लिबरेशन गुरिल्ला आर्मी) के सदस्यों की मौजूदगी के बारे में खुफिया जानकारी के आधार पर यह अभियान शुरू किया गया.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu