विकास के नाम पर आदिवासियों की जमीन छीनी जा रही है: राहुल गांधी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 06 Feb 2024 06:51 PM
विकास के नाम पर आदिवासियों की जमीन छीनी जा रही है: राहुल गांधी
ऑडियो सुनें

गुमला/खूंटी. कांग्रेस के नेता राहुल गांधी ने मंगलवार को दावा किया कि देश में विकास के नाम पर आदिवासियों की जमीन ”छीनी” जा रही है. गांधी की ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ आज सुबह झारखंड के खूंटी जिले से फिर शुरू हुई. उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य की पिछली भाजपा सरकार ने आदिवासियों की कई एकड़ जमीन का अधिग्रहण कर लिया था, लेकिन इस जमीन का कोई इस्तेमाल नहीं किया गया.

यात्रा के तहत गुमला जिले के कामडारा चौक पर रोड शो के दौरान सभा को संबोधित करते हुए, कांग्रेस सांसद ने कहा, “मैंने यहां झारखंड में कई आदिवासी महिलाओं से बात की और उन्होंने मुझे बताया कि विकास के नाम पर उनकी जमीन छीनकर अंत में कारोबारी घरानों या एनजीओ को दे दी गई. आदिवासियों के लिए यह बड़ा मुद्दा है.” उन्होंने कहा कि केंद्र में कांग्रेस के नेतृत्व वाली संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार ने एक भूमि अधिग्रहण कानून पेश किया था, जिसके तहत यह प्रावधान किया गया था कि किसी भी आदिवासी की जमीन ग्राम सभा की सहमति के बिना नहीं ली जाएगी.

गांधी ने दावा किया, “कानून के प्रावधानों के अनुसार, अगर उनकी जमीन ली भी जाती है, तो उन्हें बाजार दर से चार गुणा मुआवजा दिया जाएगा. और, यदि अधिग्रहीत भूमि का उपयोग पांच साल तक नहीं किया जाता है, तो इसे मूल मालिक को सौंपना होगा.” उन्होंने झारखंड की पिछली भाजपा सरकार पर “भूमि बैंक बनाने के लिए आदिवासियों की लाखों एकड़ जमीन का अधिग्रहण करने और फिर उसका इसका कोई इस्तेमाल नहीं करने” का भी आरोप लगाया.

उन्होंने कहा, “अब, आदिवासी अपनी जमीन वापस चाहते हैं.” लोकसभा चुनाव के बाद केंद्र में विपक्षी दलों के गठबंधन ‘इंडिया’ के सत्ता में आने पर आरक्षण पर 50 प्रतिशत की सीमा हटाने के अपने वादे पर उन्होंने कहा, “ऐसा माना जाता है कि देश में आठ प्रतिशत आदिवासी लोग हैं, 15 प्रतिशत दलित हैं. और 50 प्रतिशत अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) हैं. फिर, आरक्षण पर केवल 50 प्रतिशत की सीमा क्यों है?” गांधी ने मंगलवार को दोहराया कि अगर इस साल लोकसभा चुनाव के बाद केंद्र में कांग्रेस की सरकार बनती है, तो देश भर में जातिगत जनगणना कराई जाएगी और आरक्षण पर से 50 प्रतिशत की सीमा हटा दी जाएगी. मौजूदा प्रावधानों के तहत 50 फीसदी से ज्यादा आरक्षण नहीं दिया जा सकता.

उन्होंने कहा, “सामान्य जाति के गरीब लोगों को भी वंचित नहीं किया जाएगा. हम जीएसटी में बदलाव करेंगे और छोटे व मध्यम स्तर के व्यवसायों को समर्थन देने के लिए एक नयी वित्तीय योजना बनाएंगे.” कांग्रेस नेता ने बिरसा मुंडा को पुष्पांजलि अर्पित करने के बाद खूंटी जिले के शहीद भगत सिंह चौक से अपनी यात्रा शुरू की और गुमला के लिए रवाना हुए.

गुमला पहुंचकर संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी विपक्षी दलों के गठबंधन ‘इंडिया’ का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं, और गठबंधन के सदस्यों के बीच सीट-बंटवारे पर बातचीत जारी है. उन्होंने कहा, ”ममता जी ‘इंडिया’ गठबंधन का हिस्सा हैं, अन्य सदस्यों की तरह, जो इसका हिस्सा हैं.” उन्होंने कहा कि सीट बंटवारे को लेकर गठबंधन के सदस्यों के बीच बातचीत जारी है और “यह सामान्य है”. पिछले हफ्ते बनर्जी ने कहा था कि उनकी पार्टी टीएमसी पश्चिम बंगाल में अकेले लोकसभा चुनाव लड़ेगी.

उन्होंने कांग्रेस पर चुनाव में भाजपा की मदद के लिए मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी से हाथ मिलाने का आरोप लगाया था.
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के गठबंधन से अलग होकर भाजपा के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन में शामिल होने पर गांधी ने कहा, “आप अनुमान लगा सकते हैं कि उनके छोड़ने के क्या कारण रहे होंगे. हम बिहार में ‘इंडिया’ गठबंधन के तहत चुनाव लड़ेंगे.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu