कृष्णगंज. पश्चिम बंगाल के नदिया जिले में भारतीय क्षेत्र में घुसपैठ की कोशिश कर रहे दो बांग्लादेशी तस्कर, सीमा सुरक्षा बल की गोलीबारी में मारे गए. अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी. उन्होंने कहा कि घटना देर रात कृष्णगंज थाना सीमा के गोविंदपुर में अंतरराष्ट्रीय सीमा के निकट हुई.
बीएसएफ की पूर्वी कमान के डीआईजी एसएस गुलेरिया ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि बांग्लादेशी तस्करों के एक समूह ने हाल में लगाए गए कंटीले तारों को काटकर भारत में घुसपैठ की कोशिश की तो बल की गश्ती इकाई ने कुछ देर हवा में गोली चलाई, जिसके बाद वे भाग गए.
उन्होंने कहा, “कुछ समय बाद जब बीएसएफ का एक गश्ती दल इलाके में गश्त कर रहा था, तो इस समूह ने हथियारों से उस पर हमला कर दिया. आत्मरक्षा के तहत बीएसएफ के र्किमयों ने गोलीबारी की, जिसमें दो बांग्लादेशी तस्कर मारे गए.” पुलिस के एक अधिकारी ने कहा कि बीएसएफ ने स्थानीय पुलिस को सूचना देकर शव उसे सौंप दिए. शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए शक्तिनगर जिला अस्पताल ले जाया गया. उन्होंने कहा कि दोनों मृतकों की पहचान अभी नहीं हो पाई है.