कट्टरपंथ फैलाने और ‘जिहाद’ पर चर्चा करने वाले व्हाट्सएप ग्रुप के दो सदस्य गिरफ्तार

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 04 Aug 2025 10:22 PM
कट्टरपंथ फैलाने और ‘जिहाद’ पर चर्चा करने वाले व्हाट्सएप ग्रुप के दो सदस्य गिरफ्तार
ऑडियो सुनें

मुंबई. महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश पुलिस ने सोमवार को ठाणे जिले में संयुक्त अभियान में एक ‘व्हाट्सएप ग्रुप’ के दो सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया. अधिकारियों ने यह जानकारी दी. उन्होंने बताया कि गिरफ्तारी यह पता चलने के बाद की गयी कि वे लोगों को कथित तौर पर कट्टरपंथी बनाने और ‘जिहाद’ पर चर्चा करने में शामिल थे.

एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि विशिष्ट सूचना के आधार पर उत्तर प्रदेश के आतंकवाद रोधी दस्तों (एटीएस) और महाराष्ट्र पुलिस ने ठाणे जिले के बदलापुर में एक घर पर छापा मारा और दोनों को पकड़ लिया. उन्होंने बताया कि दोनों में से एक उत्तर प्रदेश का है और दूसरा बदलापुर का निवासी है.

अधिकारी के अनुसार, लोगों को एक आतंकवादी संगठन के लिए कट्टरपंथी बनाने की खातिर ‘व्हाट्सएप ग्रुप’ बनाया गया था, जिसमें ‘जिहाद’ जैसे शब्दों का खुलकर इस्तेमाल और चर्चा की जा रही थी. उन्होंने आरोप लगाया कि सोशल मीडिया समूह (व्हाट्सएप ग्रुप) के कुछ सदस्य पाकिस्तानी आकाओं से भी जुड़े हुए हैं.

समूह की गतिविधियों का पता चलने पर उत्तर प्रदेश एटीएस में मामला दर्ज किया गया और एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया. उससे पूछताछ में दो और लोगों के नाम सामने आए और पता चला कि वे मुंबई के पास हैं. उन्होंने बताया कि इसके बाद महाराष्ट्र एटीएस को सूचित किया गया और उत्तर प्रदेश एटीएस के साथ संयुक्त अभियान में दोनों को पकड़ लिया गया. अधिकारी ने बताया कि दोनों आरोपियों को उत्तर प्रदेश एटीएस को सौंप दिया गया है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu