गर्भवती महिला का शव और उसके दो बच्चों को जिंदा नदी में फेंकने के आरोपी दो व्यक्ति गिरफ्तार

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 22 Jul 2024 10:00 PM
गर्भवती महिला का शव और उसके दो बच्चों को जिंदा नदी में फेंकने के आरोपी दो व्यक्ति गिरफ्तार
ऑडियो सुनें

पुणे. पुणे में एक महिला का शव और उसके दो बच्चों को जिंदा इंद्रायणी नदी में फेंकने के आरोप में एक व्यक्ति तथा उसके दोस्त को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस के एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी. पिंपरी चिंचवाड़ थाने के अधिकारी ने बताया कि 25 वर्षीय गर्भवती महिला की उस समय मौत हो गई थी जब उसके प्रेमी और मुख्य आरोपी गजेंद्र दगड़खैरे ने उसे गर्भपात के लिए मुंबई के निकट ठाणे भेजा था.

अधिकारी ने बताया, “नौ जुलाई को वापस आते समय दगड़खैरे और उसके साथी रविकांत गायकवाड़ ने महिला के शव को तालेगांव के पास इंद्रायणी नदी में फेंक दिया. जब उसके दो और पांच साल के बच्चे रोने लगे तो दोनों ने उन्हें भी नदी में फेंक दिया. महिला अपने पति से अलग हो गई थी और दगड़खैरे से उसके शारीरिक संबंध थे, जिसके कारण वह गर्भवती हो गई थी.”

उन्होंने बताया कि महिला की मां द्वारा पुलिस से गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराने के बाद जांच शुरू हुई और तकनीकी साक्ष्य के आधार पर दगड़खैरे और गायकवाड़ को गिरफ्तार कर लिया गया. अधिकारी ने बताया, “महिला और दोनों बच्चों के शव अब तक नहीं मिले हैं. दगड़खैरे और गायकवाड़ को 30 जुलाई तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है. मामले की आगे की जांच जारी है.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu