कोरबा जिले में कोयला खदान का एक हिस्सा ढहने से दो युवकों की मौत, एक अन्य घायल

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 27 May 2025 09:08 PM
कोरबा जिले में कोयला खदान का एक हिस्सा ढहने से दो युवकों की मौत, एक अन्य घायल
ऑडियो सुनें

कोरबा. छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में मंगलवार को एक कोयला खदान की दीवार ढहने से दो युवकों की मौत हो गई और एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया. पुलिस अधिकारियों ने यह जानकारी दी. अधिकारियों ने बताया कि घटना सुबह के समय जिले की ‘साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड’ (एसईसीएल) की गेवरा-दीपका खदान में उस वक्त हुई जब मुंडापार बाजार निवासी विशाल यादव (18), धन सिंह कंवर (24) और साहिल धनवार (19) बिना अनुमति क्षेत्र में दाखिल हुए.

उन्होंने बताया कि कथित तौर पर कोयला चोरी करने की कोशिश में खदान की दीवार ढहने से तीनों मलबे में दब गए. अधिकारियों ने बताया कि यादव और कंवर की मौके पर ही मौत हो गई तथा धनवार गंभीर रूप से घायल हो गया. उन्होंने बताया कि मौके पर ग्रामीण इकट्ठा हो गए और पुलिस को सूचित किया. अधिकारियों ने बताया कि इसके बाद पुलिस दल घटनास्थल पर पहुंचा और शवों तथा घायल को अस्पताल में पहुंचाया. अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

एसईसीएल के जनसंपर्क अधिकारी सनीश चंद्र ने बताया कि खदान के बाहरी क्षेत्र की दीवार पर कुछ कोयला रह जाता है और दीवार करीब 15 से 25 फुट ऊंची होती है. उन्होंने बताया कि संभवत: इस स्थान से कोयला चोरी करते समय यह ढह गई जिसके कारण दुर्घटना हुई. चंद्र ने बताया, ”एसईसीएल प्रबंधन ने सभी से अपील की है कि वह इस प्रकार के जोखिम भरे और गैरकानूनी गतिविधियों से दूरी बनाएं तथा किसी प्रकार के प्रलोभन में न आएं.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu